देश की खबरें | बीएमडब्ल्यू कार से टक्कर के मामले को हत्या की तरह देखना चाहिए: आदित्य ठाकरे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने मंगलवार को मांग की कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली पार्टी के एक नेता के बेटे मिहिर शाह से जुड़ी बीएमडब्ल्यू कार दुर्घटना को हत्या के मामले के तौर पर देखना चाहिए।

मुंबई, नौ जुलाई शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने मंगलवार को मांग की कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली पार्टी के एक नेता के बेटे मिहिर शाह से जुड़ी बीएमडब्ल्यू कार दुर्घटना को हत्या के मामले के तौर पर देखना चाहिए।

ठाकरे ने पत्रकारों से बातचीत में सत्तारूढ़ शिवसेना के नेता राजेश शाह के बेटे मिहिर की गिरफ्तारी में देरी पर भी सवाल उठाया।

वर्ली में रविवार को कार से टक्कर मारने की घटना के दो दिन बाद मिहिर को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया।

मिहिर उस बीएमडब्ल्यू कार को चला रहा था, जिसने एक स्कूटर को टक्कर मार दी थी। घटना में स्कूटर सवार एक महिला की मौत हो गई थी और उसका पति घायल हो गया था।

ठाकरे ने कहा, ‘‘इस मामले को हिट-एंड-रन घटना के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। यह हत्या का मामला है। हम मांग करते हैं कि इसे उसी तरह से देखा जाना चाहिए।’’

पुलिस के अनुसार, मिहिर और राजेश शाह के ड्राइवर राजर्षि बिदावत तथा अन्य आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

वर्ली विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले ठाकरे ने मिहिर की गिरफ्तारी में पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘मिहिर शाह 60 घंटे तक कहां छिपा रहा? मुख्यमंत्री को जवाब देना चाहिए।’’ एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस मिहिर की मां और दो बहनों के साथ 10 अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now