देश की खबरें | बहराइच में मादा तेंदुए का शव मिला, किसी वन्य जीव के हमले का अंदेशा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बहराइच जिले में स्थित कतर्नियाघाट वन्यजीव विहार में करीब दो वर्षीय एक मादा तेंदुए का शव बरामद किया गया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
बहराइच (उप्र), 13 जुलाई बहराइच जिले में स्थित कतर्नियाघाट वन्यजीव विहार में करीब दो वर्षीय एक मादा तेंदुए का शव बरामद किया गया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को तेंदुए का शव निशानगाढ़ा के आजमगढ़पुरवा गांव से लगभग 200 मीटर की दूरी पर ग्रामीणों ने देखा और उसकी सूचना दी।
वन रेंज अधिकारी एस.के. श्रीवास्तव, वनपाल मनीष कुमार समेत कई अन्य मौके पर पहुंचे और गहन जांच शुरू की।
तेंदुए के सभी अंग सुरक्षित थे, ऐसे में अधिकारियों ने शिकार की आशंका को खारिज किया है।
अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल के पास किसी वन्य बड़े जीव के पंजों के निशान मिले हैं, जिससे आपसी संघर्ष का संदेह जताया जा रहा है।
विभागीय अधिकारी व संबंधित संस्थाएं प्रकरण की जांच कर रही हैं और मृत तेंदए का पोस्टमार्टम कराया गया है।
पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दीपक वर्मा ने बताया, ‘‘तेंदुए की मौत सिर पर गहरी चोट और दांत व पंजों के हमले के कारण हुई है। ये घाव संभवतः किसी बड़े तेंदुए से संघर्ष के दौरान लगे होंगे। विसरा सुरक्षित कर लिया गया है, इसे जांच हेतु आईवीआरआई बरेली भेजा जाएगा।’’
इस साल की शुरुआत से अब तक कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के अलग-अलग क्षेत्रों में पांच तेंदुए, एक बाघ और एक हाथी मृत मिल चुके हैं। शनिवार को तेंदुए की मौत की छठी घटना सामने आई है।
इससे पूर्व 2024 में भी यहां चार तेंदुए और एक बाघ मृत मिले थे। अनुमान के मुताबिक मौजूदा समय में कतर्नियाघाट के जंगलों में लगभग 100 तेंदुए और 70-80 बाघ हैं। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग करीब 550 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)