देश की खबरें | पद्म सम्मान पाने वाली हस्तियों की उपलब्धियां पीढ़ियों को प्रेरित करेंगी: अमित शाह

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि पद्म पुरस्कार समारोह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उस दृष्टिकोण को साकार करता है, जिसमें लोगों के नेतृत्व वाले सामाजिक परिवर्तनों को प्रोत्साहित करने के लिए उन व्यक्तियों को सम्मानित किया जाता है, जो चुपचाप सकारात्मक बदलाव लाए हैं।

नयी दिल्ली, 28 मई केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि पद्म पुरस्कार समारोह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उस दृष्टिकोण को साकार करता है, जिसमें लोगों के नेतृत्व वाले सामाजिक परिवर्तनों को प्रोत्साहित करने के लिए उन व्यक्तियों को सम्मानित किया जाता है, जो चुपचाप सकारात्मक बदलाव लाए हैं।

पद्म पुरस्कार प्राप्त करने वालों के सम्मान में मंगलवार को रात्रिभोज का आयोजन करते हुए शाह ने यह भी कहा कि सम्मानित शख्सियतों की उपलब्धियां पीढ़ियों को प्रेरित करेंगी।

समारोह के बाद मंत्री ने कहा, ‘‘पद्म पुरस्कार समारोह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उस दृष्टिकोण को साकार करता है, जिसके तहत चुपचाप सकारात्मक बदलाव लाने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करके जन-नेतृत्व वाले सामाजिक परिवर्तन को प्रोत्साहित किया जाता है।’’

शाह ने पद्म पुरस्कार पाने वाली शख्सियतों को बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘‘पद्म पुरस्कार 2025 से सम्मानित हस्तियों की मेजबानी करके मुझे खुशी हुई।’’

गृह मंत्री ने सम्मान प्राप्त करने वाली हस्तियों से उनकी अनूठी जीवन यात्रा और समाज में उनके द्वारा लाए गए बदलावों के बारे में बात की और कहा कि यह एक अविस्मरणीय अनुभव था। उन्होंने कहा, ‘‘आज पद्म पुरस्कार से सम्मानित हस्तियों के लिए आयोजित रात्रिभोज में, (मुझे) विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी उन प्रतिष्ठित शख्सियतों से बातचीत करने का सौभाग्य मिला, जो अपने-अपने अनूठे तरीकों से हमारी दुनिया को बेहतर बना रहे हैं।’’

भारत के पूर्व प्रधान न्यायाधीश जगदीश सिंह खेहर, भरतनाट्यम नृत्यांगना शोभना चंद्रकुमार, अभिनेता अनंत नाग और किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी की कुलपति सोनिया नित्यानंद उन 68 प्रतिष्ठित हस्तियों में शामिल हैं जिन्हें मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया।

पच्चीस जनवरी को 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर कुल 139 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को देश के नागरिक सम्मान पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री के लिए नामित किया गया।

राष्ट्रपति ने मंगलवार को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री मोदी और शाह सहित अन्य की मौजूदगी में राष्ट्रपति भवन में दूसरे नागरिक अलंकरण समारोह में 68 चयनित हस्तियों को पुरस्कार प्रदान किए। राष्ट्रपति मुर्मू ने 28 अप्रैल को पहले अलंकरण समारोह के दौरान 71 हस्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान किए थे।

राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति मुर्मू ने न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) खेहर को सार्वजनिक मामलों के लिए देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया। कथक नृत्यांगना कुमुदिनी रजनीकांत लाखिया और प्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा के लिए क्रमश: लाखिया के पोते और सिन्हा के बेटे ने पुरस्कार हासिल किए।

राष्ट्रपति ने चंद्रकुमार, व्यवसायी नल्ली कुप्पुस्वामी चेट्टी, पुरातत्वविद् कैलाश नाथ दीक्षित, नर्तक जतिन गोस्वामी, अभिनेता अनंत नाग और साध्वी ऋतंभरा सहित नौ प्रसिद्ध हस्तियों को तीसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म भूषण से सम्मानित किया।

अर्थशास्त्री दिवंगत बिबेक देबरॉय और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री एवं लोकसभा अध्यक्ष दिवंगत मनोहर जोशी के लिए सम्मान क्रमशः देबरॉय की पत्नी और जोशी के बेटे ने प्राप्त किए।

ये सम्मान कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक मामले, विज्ञान और इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल और सिविल सेवा समेत विभिन्न विषयों और क्षेत्रों में दिए जाते हैं।

पद्म विभूषण असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है, पद्म भूषण उच्च स्तर की विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है तथा पद्म श्री किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है।

वर्ष 2014 में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के सत्ता में आने के बाद से उसने ‘‘गुमनाम नायकों’’ को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित करना शुरू किया है। इस साल, पद्म पुरस्कार 30 ‘‘गुमनाम नायकों’’ को दिए गए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

T20 World Cup 2026 Semi Final Schedule: वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में भारत, 5 मार्च को वानखेड़े में इंग्लैंड से भिड़ंत; यहां देखें पूरा शेड्यूल

India vs West Indies, 52nd Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में वेस्टइंडीज ने टीम इंडिया को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह, संजू सैमसन ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें IND बनाम WI मैच का स्कोरकार्ड

Australia Women vs India Women, 3rd ODI Match Video Highlights: होबार्ट में ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को 185 रनों से रौंदा, सीरीज में 3-0 से किया क्लीन स्वीप; यहां देखें AUS W बनाम IND W मैच का वीडियो हाइलाइट्स

India vs West Indies, 52nd Match Scorecard: कोलकाता में वेस्टइंडीज ने टीम इंडिया के सामने रखा 196 रनों का टारगेट, रोवमैन पॉवेल और जेसन होल्डर ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

\