देश की खबरें | तेलंगाना: खेल स्कूल में लड़कियों के यौन उत्पीड़न के आरोप में अधिकारी को निलंबित किया गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हकीमपेट में तेलंगाना राज्य खेल स्कूल के एक वरिष्ठ अधिकारी को संस्थान की कुछ छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोप में रविवार को राज्य सरकार ने निलंबित कर दिया।
हैदराबाद, 13 अगस्त हकीमपेट में तेलंगाना राज्य खेल स्कूल के एक वरिष्ठ अधिकारी को संस्थान की कुछ छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोप में रविवार को राज्य सरकार ने निलंबित कर दिया।
तेलंगाना राज्य खेल स्कूल के अधिकारी द्वारा लड़कियों का यौन उत्पीड़न किए जाने के आरोपों के बारे में रविवार को एक अखबार में प्रकाशित खबर पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राज्य के खेल और युवा सेवा मंत्री वी. श्रीनिवास गौड ने संवाददाताओं से कहा कि अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है।
मंत्री ने मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित करने की भी घोषणा की। गौड ने कहा, ‘‘जांच के आदेश दे दिए गए हैं और इसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।’’
मामले पर दुख प्रकट करते हुए भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की विधान पार्षद के. कविता ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में मंत्री से आरोपी अधिकारी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई शुरू करने और पीड़िताओं के लिए न्याय सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। उन्होंने मामले की गहन जांच की भी मांग की।
हालांकि, अधिकारी ने खबर में अपने ऊपर लगे आरोपों का खंडन किया और इन्हें झूठा बताया। स्कूल छात्राओं को मुफ्त शिक्षा, कोचिंग और बोर्डिंग सहित अन्य सुविधाएं प्रदान करता है और वर्तमान में उन्हें तीरंदाजी, फुटबॉल और जिमनास्टिक सहित 11 खेलों में प्रशिक्षित करता है।
खेल स्कूल का यह मामला ऐसे वक्त सामने आया है, जब भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद बृजभूषण सिंह महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे हैं। बृजभूषण के मामले में दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी की एक मेट्रोपोलिटन अदालत को बताया कि उन पर मुकदमा चलाने के लिए पर्याप्त सबूत हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)