देश की खबरें | तमिलनाडु : श्रीलंकाई नौसेना की गोलीबारी में एक मछुआरा घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी.
नागपट्टिनम (तमिलनाडु), दो अगस्त अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के पास कोडियाकराई तट के नजदीक मछली पकड़ रहे कुछ मछुआरों पर श्रीलंकाई नौसेना ने कथित तौर पर गोलियां चलाईं जिसमें नागपट्टिनम जिले का एक मछुआरा घायल हो गया।
नागपट्टिनम मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 28 जुलाई को अक्कराईपेट्टई और कीचनकुप्पम गांव के 10 मछुआरे नागपट्टिनम बंदरगाह से एक मशीनी नौका में सवार होकर समुद्र में मछली पकड़ने के लिए गए थे।
अधिकारियों के मुताबिक जब मछुआरे सोमवार तड़के अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के पास कोडियाकराई तट के दक्षिण-पूर्व समुद्री इलाके में मछली पकड़ रहे थे, तभी वहां गश्त लगा रहे श्रीलंकाई नौसेना के कर्मियों ने कथित तौर पर मछुआरों पर गोलियां चलाईं।
मछली पकड़ने गए दीपनराज नामक मछुआरे ने इस घटना के बारे में बताते हुए कहा, ‘‘श्रीलंकाई नौसेना के जवानों ने क्षेत्र में कई नौकाओं पर हमला करना शुरू कर दिया। पहले, उन्होंने पत्थर फेंके और फिर गोलियां चलाईं। एक गोली हमारी नाव की ओर आई और एक हिस्से को छेदती हुई कलाइसेलवन नामक मछुआरे को लगी, और वह बेहोश होकर गिर पड़ा।"
घायल मछुआरे को नागपट्टिनम के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नागपट्टिनम के जिलाधिकारी डॉ अरुण थम्बुराज ने अस्पताल का दौरा कर प्रभावित मछुआरों का हाल चाल जाना। तटीय सुरक्षा समूह की पुलिस के अलावा मत्स्य विभाग के अधिकारी इस मामले की जांच कर रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)