कोकराझार (असम), छह जुलाई असम के कोकराझार जिले में पुलिस अधिकारी की पिस्तौल छीनने की कोशिश कर रहा एक व्यक्ति पुलिस की गोलीबारी में घायल हो गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक घायल हुआ व्यक्ति एक चोर है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक मंगलवार की रात छीने गए एक बैग को बरामद करने के लिए आरोपी को कोकराझार जिले के बालाजन तिनियाली स्थित एक जगह पर ले जाया गया।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘वापस लौटते समय उसने एक अधिकारी की पिस्तौल छीनने की कोशिश की और भाग गया। हालांकि, उसे रुकने के लिए कहा गया लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया। पुलिस के पास कोई विकल्प नहीं बचा था इसलिए पुलिस टीम ने उसके पैर में गोली मार कर उसे घायल कर दिया।’’
गौरतलब है कि मई 2021 में हिमंत बिस्व सरमा के असम का मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद से हिरासत से कथित तौर पर भागने या पुलिस कर्मियों पर हमले के प्रयास के दौरान पुलिस की कार्रवाई में कम से कम 54 लोगों की मौत हो गयी और 140 घायल हो गए।
असम सरकार ने 20 जून को गुवाहाटी उच्च न्यायालय को एक हलफनामे में सूचित किया कि राज्य में गैरकानूनी रूप से पुलिस हिरासत में कोई हत्या नहीं हुई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY