देश की खबरें | सुपरस्टार रजनीकांत 71 साल के हुए, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री समेत कई हस्तियों ने दी शुभकामनाएं

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तमिल सुपरस्टार रजनीकांत रविवार को 71 साल के हो गए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन समेत अन्य राजनेताओं तथा प्रशंसकों और मशहूर हस्तियों ने अभिनेता को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके बेहतर स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की।

चेन्नई, 12 दिसंबर तमिल सुपरस्टार रजनीकांत रविवार को 71 साल के हो गए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन समेत अन्य राजनेताओं तथा प्रशंसकों और मशहूर हस्तियों ने अभिनेता को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके बेहतर स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की।

दिग्गज अभिनेता के जन्मदिन के अवसर पर उनके प्रशंसकों के संगठन ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले समाज के गरीब और वंचित तबके के छात्रों को कोचिंग की सुविधा मुहैया कराने की घोषणा की।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘ रजनीकांत जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। यह कामना है कि वह अपनी रचनात्मकता और बेहतरीन अभिनय से लोगों को प्रेरित करते रहें। भगवान उन्हें दीर्घायु बनाएं और स्वस्थ रखें।’’

मुख्यमंत्री स्टालिन ने रजनीकांत से फोन पर बात कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं तथा उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की। स्टालिन ने एक संदेश में अभिनेता को जीवन के 72वें वर्ष में प्रवेश करने पर बधाई देते हुए इच्छा व्यक्त की कि रजनीकांत अपने अद्वितीय अभिनय कौशल के साथ तमिल लोगों को आने वाले कई वर्षों तक मंत्रमुग्ध करें।

अन्नाद्रमुक के शीर्ष नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम, के पलानीस्वामी, मक्कल निधि मायम के प्रमुख एवं अभिनेता कमल हासन, दिवंगत जे जयललिता की सहयोगी वी के शशिकला समेत राजनीतिक जगत के कई दिग्गजों ने अभिनेता को जन्मदिन की बधाई दी।

संगीतकार डी इमाम समेत फिल्मी दुनिया के कई बड़े कलाकारों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया के जरिए सुपरस्टार को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

रजनीकांत का जन्म 12 दिसंबर 1950 को हुआ था। पिछले कई वर्षों से अपने जन्मदिन के अवसर पर अभिनेता अपने घर से कहीं दूर ही रहते हैं, ताकि वहां भीड़ की समस्या न हो। सूत्रों ने पीटीआई- को बताया कि हर बार की तरह अभिनेता इस बार भी अपने घर पर मौजूद नहीं हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\