खेल की खबरें | झारखंड के सुनील और दिनेश राष्ट्रीय खेलों की लॉन बॉल स्पर्धा में चमके

देहरादून, आठ फरवरी राष्ट्रमंडल खेलों (2024) के रजत विजेता पुरुष टीम के सदस्यों सुनील बहादुर और दिनेश कुमार ने राष्ट्रीय खेलों में अपनी अपनी स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक के साथ शनिवार को यहां लॉन बॉल प्रतियोगिता के अंतिम दिन झारखंड का दबदबा कायम जारी रखा।

झारखंड ने दो स्वर्ण और इतने ही कांस्य पदक भी जीते।

  सुनील ने फाइनल में चंदन कुमार को 21-17 से हराकर पुरुष एकल का स्वर्ण पदक जीता। चंदन 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में ‘पुरुषों की फोर टीम’ के भी सदस्य थे जिसने रजत पदक जीता था। इस टीम के अन्य दो दिनेश और नवनीत सिंह थे।

पश्चिम बंगाल के सौमेन बनर्जी और असम के पुतुल सोनोवाल ने कांस्य पदक जीता।

पुरुष वर्ग के फोर फाइनल में दिनेश, आलोक लाकड़ा, मोहम्मद वसीम और अभिषेक लाकड़ा की झारखंड टीम ने पश्चिम बंगाल को 17-10 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। असम और मणिपुर ने एक-एक कांस्य पदक जीता।

यह सुनील और दिनेश दोनों के लिए इन खेलों का दूसरा स्वर्ण था। उन्होंने पुरुषों की पेयर स्पर्धा में जोड़ी बनाकर शीर्ष स्थान हासिल किया था।

बर्मिंघम में राष्ट्रमंडल खेलों में देश का पहला लॉन बॉल स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाली महिला फोर चैंपियन टीम का हिस्सा रही लवली चौबे और रूपा रानी टिर्की को हालांकि महिलाओं की पेयर स्पर्धा में ओडिशा से 14-16 से हार हार कर सामना करने के बाद कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

सेमीफाइनल में पश्चिम बंगाल से 3-25 से हारने के बाद महिला ट्रिपल में सरिता तिर्की, रेशमा कुमारी और कविता कुमारी को भी कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

बिहार ने महिला ट्रिपल्स में स्वर्ण पदक जीता जबकि असम महिला टीम पेयर्स स्पर्धा में शीर्ष  पर रही।

लवली और रूपा ने बुधवार को यहां खिताब जीतने वाली झारखंड महिला फोर टीम के हिस्से के रूप में भी स्वर्ण पदक जीता था।  

लॉन बॉल में झारखंड पांच स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर रहा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)