मोतिहारी/पटना, तीन जुलाई बिहार के पूर्वी चंपारण जिला अंतर्गत रक्सौल-नरकटियागंज रेलखंड के भेलवा स्टेशन के समीप एक डीएमयू ट्रेन के इंजन में रविवार की सुबह अचानक आग लग गई। लेकिन इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि रक्सौल से नरकटियागंज जा रही उक्त ट्रेन के पिछले इंजन में शार्ट सर्किट के कारण आग लगी।
उन्होंने बताया कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ और अग्निशमन दस्ते द्वारा आग पर काबू पा लिया गया है।
आग से क्षतिग्रस्त हुए इंजन को ट्रेन से अलग कर रक्सौल स्टेशन लाया गया और उक्त ट्रेन को सिग्नल से भेलवा स्टेशन ले जाया गया।
वीरेंद्र ने बताया कि करीब एक घंटे बाद उक्त रेल यातायात फिर से बहाल हो गया। घटना को लेकर रेलवे अधिकारी जांच में जुटे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY