देश की खबरें | झारखंड के एक स्कूल में सहपाठियों की पिटाई से 10वीं के छात्र की मौत

धनबाद (झारखंड), 23 मार्च जिले के सिंदरी में स्थित एक निजी स्कूल में बुधवार को सहपाठियों की कथित पिटाई से 10वीं के एक छात्र की मौत हो गई।

गौरतलब है कि घटना के संबंध में स्कूल के प्रधानाध्यापक चंद्रशेखर फ्रांसिस ने सुबह दावा किया था कि 10वीं के छात्र अश्मित आकाश अपनी कुर्सी से गिर गया था और उसी दौरान लगी चोट से उसकी मौत हुई है।

आकाश के पिता ने बताया कि सुबह उन्हें स्कूल से अपने बेटे को चोट लगने की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि वह तुरंत स्कूल पहुंचे और आकाश को तत्काल धनबाद के सरकारी ‘शहीद निर्मल महतो मेमोरियल कॉलेज एवं अस्पताल’ ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं, इस घटना के संबंध में पुलिस सूत्रों ने बताया कि स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से यह स्पष्ट हुआ है कि कक्षा के भीतर ही कुछ सहपाठियों में आकाश की बुरी तरह पिटाई की जिससे उसकी मौत हो गई।

आकाश के पिता प्रफुल्ल कुमार का कहना है कि अभी तक उनके बेटे के मरने का कारण पता नहीं है। उन्होंने बताया, ‘‘स्कूल के कुछ छात्र मेरे बेटे के साथ कई दिनों से मारपीट कर रहे थे। आज भी मेरा बेटा स्कूल नहीं जाना चाह रहा था। लेकिन फिर एकाएक वह स्कूल चला गया।’’

उन्होंने अपने बेटे की हत्या किए जाने का दावा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मौके पर पहुंचे पुलिस उपाधीक्षक अभिषेक कुमार का कहना है कि स्कूल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में तीन बच्चे आकाश की पिटाई करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले की गंभीरता से पड़ताल कर रही है।

इस घटना के सिलसिले में खबर लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)