ईटानगर,15 अगस्त अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार कड़े सुधारों को लागू करेगी और बेहतर अरुणाचल प्रदेश के लिए किसी भी मुद्दे पर काम करने से हिचकिचाएगी नहीं।
स्वतंत्रता दिवस पर डेरा नातुंग सरकारी कॉलेज में राष्ट्रीय ध्वज फहराते हुए खांडू ने कहा कि अरुणाचल और असम के बीच दशकों पुराने सीमा विवाद को हल करने के लिए इससे सही तरीके से निपटा गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘ असम और अरुणाचल प्रदेश स्पष्ट इरादे और खुले दिमाग के साथ मुद्दों से निपटने के लिए काम कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि मुद्दों को आज नहीं तो कल सुलझा ही लिया जाएगा। हाल का नामसाई घोषणापत्र इस दिशा में उठाया गया निर्णायक कदम है।’’
खांडू ने राज्य के लोगों से देश की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा करते हुए बेहतर और उज्जवल अरुणाचल प्रदेश के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए खुद को पुन:समर्पित करने की अपील की।
उन्होंने कहा, हम प्रधानमंत्री के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए ‘गति’ और ‘शक्ति’ के साथ अतिरिक्त कदम बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य और शिक्षा प्रणाली तथा बच्चों, महिलाओं और किसानों के कल्याण के लिए शासन में सुधार से अरुणाचल प्रदेश प्रगति का एक नया अध्याय लिख रहा है।’’
खांडू ने कहा कि तीन सरकारी कॉलेजों में डिजिटल पुस्तकालय खोले जाएंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY