देश की खबरें | कृषि के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध : गहलोत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार कृषि के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध करवाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।
जयपुर, सात जनवरी राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार कृषि के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध करवाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में किसानों को बिजली की आपूर्ति प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
गहलोत आज मुख्यमंत्री निवास पर विद्युत आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में ‘पावर एक्सचेंज’ से राज्य को अतिरिक्त बिजली की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इसका कारण उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब की कुछ बिजली उत्पादन इकाइयों का बंद होना और अन्य राज्यों में बिजली की मांग बढ़ना है।
इसके साथ ही सर्दियों के दिनों में राजस्थान और देश के अन्य राज्यों में अब तक बारिश ना होने, कृषि रकबे में बढ़ोतरी और पिछले रबी मौसम के बाद राज्य में कृषि बिजली कनेक्शन में 1.20 लाख की बढ़ोतरी होने से भी बिजली की मांग में वृद्धि हुई है।
एक बयान के अनुसार बैठक में बताया गया कि घरेलू और कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त बिजली की आपूर्ति के लिए उद्योगों को मिल रही बिजली में कटौती करनी पड़ रही है, लेकिन जैसे ही बिजली की आपूर्ति सामान्य होगी, यह कटौती समाप्त कर दी जाएगी।
इस बीच, राज्य सरकार ने 125 केवीए क्षमता से अधिक उपयोग वाले उद्योगों पर सोमवार से तीन दिन के लिए प्रतिदिन तीन घंटे (सायंकाल 5 से 8 बजे) 75 प्रतिशत तक कटौती करने का निर्णय लिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)