कोलंबो, 30 जून श्रीलंका की संसदीय निरीक्षण समिति ने शुक्रवार को कुछ संशोधनों के साथ प्रस्तावित घरेलू ऋण पुनर्गठन (डीडीआर) योजना को मंजूरी दे दी। इससे देश की दिवालिया हो चुकी अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने में मदद मिलेगी।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि संसद की सार्वजनिक वित्त समिति (सीओपीएफ) ने बृहस्पतिवार को शुरू हुए विचार-विमर्श के दूसरे दिन डीडीआर योजना को स्वीकृति दे दी। इससे श्रीलंका को वित्तीय संकट से उबारने की कोशिश को बल मिलेगा।
इससे पहले श्रीलंका के मंत्रिमंडल ने बुधवार को ऋण पुनर्गठन योजना को मंजूरी दी थी, जिसके बाद इसे संसद की सार्वजनिक वित्त समिति को भेजा गया था।
बयान के मुताबिक, ''समिति की बैठक में कुछ संशोधनों के साथ बहुमत से इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई।''
इस प्रस्ताव पर अब शनिवार को संसद में चर्चा होगी।
श्रीलंका पिछले साल से ही गहरे वित्तीय संकट से जूझ रहा है। इस दौरान उसे जरूरी सामान की खरीद के लिए भी भारत जैसे सहयोगी देशों की आर्थिक मदद लेनी पड़ी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY