विदेश की खबरें | श्रीलंका की नौसेना ने चार भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. श्रीलंका की समुद्री सीमा में मंगलवार तड़के कथित रूप से मछली पकड़ने को लेकर श्रीलंकाई नौसेना ने चार भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया और उनकी नौका जब्त कर ली। इसके साथ ही, इस साल ऐसी गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर 180 से अधिक हो गई है।

श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

कोलंबो, 18 जून श्रीलंका की समुद्री सीमा में मंगलवार तड़के कथित रूप से मछली पकड़ने को लेकर श्रीलंकाई नौसेना ने चार भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया और उनकी नौका जब्त कर ली। इसके साथ ही, इस साल ऐसी गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर 180 से अधिक हो गई है।

श्रीलंकाई नौसेना ने यहां जारी एक बयान में कहा, ‘‘भारतीयों द्वारा कथित रूप से मछली पकड़ने की इस हालिया घटना में मंगलवार तड़के जाफना प्रायद्वीप के उत्तरी डेल्फ्ट टापू के पास एक नौका जब्त कर ली गयी तथा तथा चार मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया गया।’’

नौसेना ने कहा कि मंगलवार की गिरफ्तारियों समेत, श्रीलंका के जल क्षेत्र में अवैध तरीके से कथित रूप से मछली पकड़ने को लेकर इस साल अब तक कुल 182 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया गया है तथा उनकी 25 नौकाएं जब्त की गयी हैं।

पिछले साल, इस तरह की करीब 240-245 गिरफ्तारियां की गई थीं।

इस तरह की ज्यादातर घटनाएं पाक जलडमरूमध्य में होती है जो दोनों देशों के मछुआरों के लिए मछलियां पकड़ने का एक पसंदीदा स्थान है। यह जलडमरूमध्य तमिलनाडु को श्रीलंका के उत्तरी हिस्से से अलग करता है।

श्रीलंका के मत्स्य पालन मंत्रालय ने कहा कि भारतीयों द्वारा कथित रूप से अवैध तरीके से मछली पकड़ने के मुद्दे पर, विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर के 20 जून को यहां पहुंचने पर उनके साथ चर्चा की जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\