देश की खबरें | आध्यात्मिक पर्यटन से पुडुचेरी के सामाजिक-आर्थिक विकास को मिल सकता है बढ़ावा : राष्ट्रपति मुर्मू

पुडुचेरी, सात अगस्त राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है।

पुडुचेरी के अपने पहले दौरे के दौरान जवाहरलाल स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (जेआईपीएमईआर) में आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि पुडुचेरी ‘आध्यात्मिक पर्यटन के लिए एक अद्भुत गंतव्य’ है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक पर्यटन एक वैश्विक प्रवृत्ति के रूप में तेजी से उभर रहा है।

राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘आध्यात्मिक पर्यटन से पुडुचेरी में सामाजिक आर्थिक विकास को बढ़ावा मिल सकता है।’’ उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पुडुचेरी में पर्यटन संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए स्वदेश दर्शन योजना के तहत कई कदम उठाए हैं।

इससे पहले, जेआईपीएमईआर में कैंसर रोगियों के इलाज के लिए 17 करोड़ रुपये के अत्याधुनिक उपकरण का उद्घाटन करने के बाद राष्ट्रपति ने कहा कि यह सुविधा रेडियो थेरेपी से होने वाले नुकसान को घटाएगी।

उन्होंने पड़ोस के विल्लियानूर में 10.51 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित आयुष अस्पताल का डिजिटल तरीके से उद्घाटन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत इसका निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि यह चिकित्सा की तीन प्रणालियों आयुर्वेद, सिद्ध और होम्योपैथी के तहत सस्ती और संपूर्ण स्वास्थ्य देखभाल सुविधा प्रदान करेगा।

साक्षरता और शिक्षा के क्षेत्र में पुडुचेरी द्वारा किए गए विविध विकास की सराहना करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि पुडुचेरी ने विभिन्न संस्कृतियों के मिलन का प्रदर्शन किया और इस कहावत की भावना पर खरा उतरा कि यहां ‘अनेकता में एकता’ है।

पुडुचेरी की उपराज्यपाल तमिलिसाई सौंदर्यराजन ने राष्ट्रपति का स्वागत पहले उड़िया में, फिर अंग्रेजी तथा तमिल में किया।

उपराज्यपाल द्वारा ओडिया में स्वागत करने के भाव पर राष्ट्रपति ने कहा, "भारत की हर मेरी अपनी है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)