विदेश की खबरें | दक्ष्रिण कोरिया के नए राष्ट्रपति ने उत्तर कोरिया से परमाणु निरस्त्रीकरण की अपील की

दक्षिण कोरिया के रुढ़िवादी नेता यून ने मंगलवार को देश के नए राष्ट्रपति के रूप में कार्यभार संभाला। उन्होंने सियोल में अपने शपथ ग्रहण समारोह में कहा कि उत्तर कोरिया के परमाणु खतरों से निपटने के लिए बातचीत के दरवाजे खुले रहेंगे।

यून के मुताबिक, उनकी सरकार ‘‘एक मजबूत योजना’’ पेश करने के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ काम करने को तैयार रहेगी, ताकि उत्तर कोरिया की अर्थव्यवस्था को उल्लेखनीय रूप से मजबूती मिल सके और उसके नागरिकों की आजीविका में सुधार आ सके।

उत्तर कोरिया के खिलाफ हमेशा कड़ा रुख दिखाने वाले यून अपने संबोधन में उसकी परमाणु परीक्षण संबंधी तैयारियों को लेकर उत्पन्न चिंताओं के खिलाफ कुछ भी कड़ा संदेश देने से बचते दिखे।

वहीं, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उत्तर कोरिया यून की पेशकश को स्वीकार करेगा या नहीं, क्योंकि उसने इससे पहले भी परमाणु निरस्त्रीकरण संबंधी प्रस्तावों को खारिज किया है।

यून ने पांच वर्षों का राष्ट्रपति कार्यकाल शुरू करने के साथ ही देश की 5.55 लाख जवानों वाली सेना की कमान भी संभाल ली है। इस मौके पर सैन्य प्रमुख ने देश के नए राष्ट्रपति को सेना की स्थिति से अवगत कराया।

ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ वोन इन-चूल ने एक वीडियो कॉन्फ्रेंस में यून को बताया कि अगर उत्तर कोरिया के नेता परमाणु किम जोंग उन मंजूरी देते हैं तो उत्तर कोरिया परमाणु परीक्षण करने के लिए तैयार है। यून ने ऐसी स्थिति में सैन्य कमांडरों को मजबूत सैन्य तैयारी बनाए रखने का आदेश देते हुए कहा कि ‘‘कोरियाई प्रायद्वीप में सुरक्षा की स्थिति बहुत गंभीर है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)