टीम को बचाने के लिये स्मिथ ने अपने सिर लिया ‘गेंद से छेड़छाड़’ का दोष : फ्लिंटाफ
केपटाउन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच के दौरान इस ‘सैंडपेपर-गेट’ प्रकरण के बाद स्मिथ के अलावा डेविड वार्नर और कैमरन बैनक्रोफ्ट को भी निलंबित किया गया था।
लंदन, 22 अप्रैल इंग्लैंड के पूर्व आलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटाफ को लगता है कि 2018 में विश्व क्रिकेट को चौंकाने वाले गेंद से छेड़छाड़ वाले प्रकरण में पूरी आस्ट्रेलियाई टीम शामिल थी लेकिन कप्तान स्टीव स्मिथ ने अपनी टीम को बचाने के लिये दोष अपने सर ले लिया।
केपटाउन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच के दौरान इस ‘सैंडपेपर-गेट’ प्रकरण के बाद स्मिथ के अलावा डेविड वार्नर और कैमरन बैनक्रोफ्ट को भी निलंबित किया गया था।
फ्लिंटाफ ने ‘टॉकस्पोर्ट’ से कहा, ‘‘मैं नहीं मान सकता कि पूरी टीम इसमें शामिल नहीं थी। बतौर गेंदबाज अगर कोई मुझे गेंद देता है और इससे छेड़छाड़ की गयी है तो मैं इससे शुरू में ही जान जाऊंगा। स्टीव स्मिथ ने हर किसी का दोष अपने ऊपर ले लिया था। ’’
फ्लिंटाफ ने कहा, ‘‘गेंद से छेड़छाड़ तो काफी लंबे समय से होती आ रही है और मुझे लगता है कि एक सीमा होती है जिसके बाद कोई ऐसा करता है। हम पर भी गेंद पर जेली लगाने के आरोप लगे थे। लोग इस पर सनस्क्रीन क्रीम भी लगाते हैं, जितना हो सके हर कुछ चीज आजमा चुके हैं। ’’
स्मिथ पर दो साल के लिये कप्तानी से भी प्रतिबंध लगा दिया गया था।
उन्होंने कहा कि यह मानना मुश्किल है कि टीम के अन्य सदस्यों को इस बारे में नहीं पता था कि क्या हो रहा है।
फ्लिंटाफ ने कहा,‘‘ सैंडपेपर गलत है, लेकिन यह किसी अन्य चीज से ज्यादा बेवकूफाना है। लेकिन मैं इस बात को नहीं मान सकता कि टीम के अन्य सदस्य किसी न किसी तरीके से इसमें शामिल नहीं थे। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)