देश की खबरें | श्मशानों, कब्रिस्तानों में स्लॉट उपलब्धता की अब ऑनलाइन मिलेगी जानकारी: एनडीएमसी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर दिल्ली के निवासी अब श्मशानों और कब्रिस्तानों में स्लॉट की उपलब्धता की जानकारी ऑनलाइन देख सकते हैं क्योंकि क्षेत्र की निकाय संस्था ने मंगलवार को इस संबंध में डिजिटल मंच की शुरुआत की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर उत्तर दिल्ली के निवासी अब श्मशानों और कब्रिस्तानों में स्लॉट की उपलब्धता की जानकारी ऑनलाइन देख सकते हैं क्योंकि क्षेत्र की निकाय संस्था ने मंगलवार को इस संबंध में डिजिटल मंच की शुरुआत की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस ई-सुविधा को उत्तरी दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) की आधिकारिक वेबसाइट पर ‘ऑनलाइन सेवाओं’ टैब के माध्यम से देखा जा सकता है और इस पर निवासी ‘‘अंतिम संस्कार के लिये डिजिटल पर्ची’’ भी ले सकेंगे।
उत्तरी दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने बताया कि एनडीएमसी ने लोगों को आसान तरीके से नागरिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए वास्तविक समय में श्मशान और कब्रिस्तान में स्लॉट की उपलब्धता की जांच करने के लिए यह ऑनलाइन सुविधा शुरू की है। एनडीएमसी के अधिकार क्षेत्र में प्रमुख श्मशान स्थल हैं-निगमबोध घाट, इंद्रपुरी, पंचकुइयां रोड, मंगोलपुरी श्मशान भूमि और हैदरपुर श्मशान भूमि।
अधिकारियों ने बताया कि अन्य स्थलों में मंगोलपुरी कब्रिस्तान, मंगोलपुरी श्मशान, पश्चिम विहार श्मशान भूमि, रोहिणी सेक्टर-26 श्मशान घाट, बेरीवाला बाग और वजीरपुर जेजे कॉलोनी शामिल हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस सुविधा से लोगों को बड़ी मदद मिलेगी क्योंकि वे वास्तविक समय में ऑनलाइन उपलब्धता देखने के बाद अपनी योजना बना सकते हैं।
दिल्ली में कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर के दौरान निगमबोध घाट और अन्य श्मशान स्थलों में काफी दिक्कतें हुई थीं। कोरोना वायरस संक्रमण से जान गंवाने वाले लोगों के शवों के दाह संस्कार की प्रतीक्षा में उनके शोकाकुल रिश्तेदारों को लंबी कतार में लगना पड़ा था क्योंकि श्मशान स्थल क्षमता से अधिक भरे हुए थे।
नगर निगम आयुक्त संजय गोयल ने बताया कि निगम ने अपने अधिकार क्षेत्र में चलने वाले रेडियो टैक्सियों, ऑटो-रिक्शा, निजी बसों जैसे वाहनों पर विज्ञापनों के प्रदर्शन की अनुमति प्रदान करने के लिए एक ऑनलाइन आवेदन मॉड्यूल भी शुरू किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)