जरुरी जानकारी | बिजलीघरों में छह प्रतिशत आयातित कोयले का मिश्रण जून तक जारी रहेगा: मंत्रालय

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. बिजली मंत्रालय ने घरेलू कोयला आधारित तापीय बिजलीघरों को जून, 2024 तक छह प्रतिशत आयातित कोयले का मिश्रण जारी रखने के लिए कहा है। गर्मियों में बिजली की अधिकतम मांग 250 गीगावाट के उच्चतम स्तर तक पहुंचने के अनुमान के बीच मंत्रालय ने यह बात कही है।

नयी दिल्ली, पांच मार्च बिजली मंत्रालय ने घरेलू कोयला आधारित तापीय बिजलीघरों को जून, 2024 तक छह प्रतिशत आयातित कोयले का मिश्रण जारी रखने के लिए कहा है। गर्मियों में बिजली की अधिकतम मांग 250 गीगावाट के उच्चतम स्तर तक पहुंचने के अनुमान के बीच मंत्रालय ने यह बात कही है।

बिजली मंत्रालय ने ईंधन आपूर्ति के मुद्दों और बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए अक्टूबर, 2023 में जारी एक निर्देश में सभी तापीय बिजलीघरों से मार्च, 2024 तक आयातित कोयले का मिश्रण जारी रखने और आयातित कोयले के मिश्रण अनुपात को चार प्रतिशत से बढ़ाकर छह प्रतिशत करने को कहा था।

बिजलीघरों को सोमवार को जारी इसी तरह के निर्देश में मंत्रालय ने कहा कि गर्मी के मौसम (अप्रैल से जून 2024) में बिजली की अधिकतम मांग 250 गीगावाट (एक गीगावाट बराबर 1,000 मेगावाट) तक पहुंचने की संभावना है।

मंत्रालय ने इस बात पर गौर किया कि घरेलू कोयला के लदान में वृद्धि के बावजूद, रेलवे नेटवर्क से जुड़े विभिन्न लॉजिस्टिक मुद्दों के कारण ईंधन की आपूर्ति बाधित रहेगी।

मंत्रालय ने यह भी कहा कि गर्मी के महीनों में बिजली की मांग को पूरा करने और देशभर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रीय/राज्य बिजली उत्पादक कंपनियों और स्वतंत्र बिजली उत्पादकों (आईपीपी) को घरेलू कोयला आधारित संयंत्रों (डीसीबी) में पर्याप्त कोयला भंडार बनाए रखना चाहिए।

बयान के अनुसार, ‘‘इसीलिए, बिजली मंत्रालय ने परामर्श तारीख 25 अक्टूबर, 2023 को जून, 2024 तक बढ़ाने का फैसला किया।’’

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए) के चेयरपर्सन घनश्याम प्रसाद ने सोमवार को कहा कि देश में बिजली की अधिकतम मांग सालाना आधार पर इस साल गर्मियों में सात प्रतिशत बढ़कर 260 गीगावाट पर पहुंचने का अनुमान है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now