देश की खबरें | पंचकूला में कार में परिवार के छह लोग मृत मिले, एक अन्य की अस्पताल ले जाते समय मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के पंचकूला में एक खड़ी कार में तीन बच्चों समेत एक ही परिवार के छह सदस्य मृत पाए गए, जबकि एक अन्य की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

चंडीगढ़, 27 मई हरियाणा के पंचकूला में एक खड़ी कार में तीन बच्चों समेत एक ही परिवार के छह सदस्य मृत पाए गए, जबकि एक अन्य की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस को संदेह है कि परिवार के सदस्यों ने आत्महत्या की है।

कार से मिले सुसाइड नोट से पता चला कि परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। पुलिस ने मृतकों में से एक की पहचान 41 वर्षीय प्रवीण मित्तल के रूप में की है। अन्य की पहचान मित्तल की पत्नी, दंपति के तीन नाबालिग बच्चों (जिनमें दो जुड़वा लड़कियां हैं) तथा मित्तल के माता-पिता के रूप में की गई है।

यह कार सोमवार देर रात एक राहगीर ने देखी और उसने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ने वाले परिवार के सदस्य से कुछ बात भी की।

देहरादून की पंजीकरण संख्या वाली कार पंचकूला के सेक्टर 27 में एक रिहायशी इलाके में सड़क किनारे खड़ी मिली।

स्थानीय निवासी पुनीत राणा ने संवाददाताओं को बताया कि वह एक अन्य व्यक्ति के साथ सैर कर रहा था, तभी रात करीब 10 बजे उसने यह कार देखी, जिसके एक दरवाजे से तौलिया लटका हुआ था।

उन्होंने बताया कि कार का ताला नहीं लगा था और उसने एक दरवाजा खोला।

उन्होंने बताया कि अंदर बैठे व्यक्ति ने उन्हें बताया कि पंचकूला में बागेश्वर धाम कार्यक्रम में शामिल होने के बाद लौटते समय उन्हें होटल में कमरा नहीं मिल पाया, इसलिए वह और उनका परिवार कार में ही सो रहे हैं।

राणा ने बताया कि जब उसने अपने हाथ में पकड़ी टॉर्च को शीशे की तरफ घुमाया तो उसने देखा कि छह लोग एक-दूसरे पर बेसुध पड़े हुए थे और उन्होंने उल्टी की हुई थी।

उन्होंने बताया कि सातवां व्यक्ति, जिससे वह बात कर रहे थे, उसे सांस लेने में कठिनाई हो रही थी जिससे उनका संदेह और बढ़ गया। राहगीर ने उस व्यक्ति की मदद की, उसे पानी दिया और उससे पूछा कि क्या उसने अंदर मौजूद लोगों को मार दिया है।

राणा ने कहा, ‘‘उसने मुझे बताया कि उसके परिवार के सभी सदस्यों ने आत्महत्या कर ली है और वह भी पांच मिनट में मरने वाला है और फिर वह बेहोश हो गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बेहोश होने से पहले उस व्यक्ति ने कहा कि उन पर बैंकों का बहुत सारा पैसा बकाया है। उसने कहा कि उनके रिश्तेदार अमीर हैं, लेकिन वे मदद नहीं कर रहे।’’

इस बीच, वहां भीड़ जमा हो गई और उसने पुलिस को सूचना दी। एम्बुलेंस को पहुंचने में करीब 40 मिनट लगे।

पंचकूला की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हिमाद्री कौशिक ने कहा, ‘‘यह प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। फिलहाल जांच जारी है।’’

कौशिक ने बताया कि छह लोगों को निजी अस्पताल और एक व्यक्ति को सिविल अस्पताल ले जाया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘सभी सात लोगों की मौत हो गई है।’’

उन्होंने कहा कि इस समय मौत का कारण जहर प्रतीत होता है।

पंचकूला के डीसीपी (अपराध) अमित दहिया ने संवाददाताओं को बताया कि घटनास्थल से दो सुसाइड नोट बरामद हुए हैं - एक कार के डैशबोर्ड से और दूसरा वाहन में एक बैग में रखी नोटबुक से।

दहिया ने कहा कि हालांकि वह इन पत्रों की वास्तविक सामग्री का खुलासा नहीं कर सकते, लेकिन डैशबोर्ड से मिले पत्र का सार यह है कि परिवार ने वित्तीय समस्याओं के कारण यह कदम उठाया।

उन्होंने संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि सुसाइड नोट किसने लिखा, यह जांच का विषय है।

अधिकारी ने बताया कि पंचकूला के सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों के एक बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा।

इससे पहले दिन में दहिया ने कहा, ‘‘हम फिलहाल हर पहलू से मामले की जांच कर रहे हैं। हम इलाके के लोगों से पूछताछ कर रहे हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं।’’

उन्होंने ‘पीटीआई-’ को बताया कि पुलिस परिवार के सोशल मीडिया अकाउंट और उनके बैंक खातों की भी जांच कर रही है। प्रवीण के ससुर राकेश ने पंचकूला में संवाददाताओं को बताया कि उन्हें घटना के बारे में तब पता चला, जब पुलिस तड़के चार बजे पिंजौर में उनके घर पहुंची।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

KKR vs SRH, IPL 2026 6th Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

Poonam Pandey Pregnancy News: पूनम पांडे की प्रेग्नेंसी सही या बनाया अप्रैल फूल, वीडियो शेयर कर बताया सच

MS vs HYDK, PSL 2026 8th Match Live Score Update: गद्दाफी स्टेडियम में मुल्तान सुल्तांस बनाम हैदराबाद किंग्समेन के बीच खेला जा रहा है पांचवां मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

LSG vs DC, TATA IPL 2026 5th Match Live Score Update: इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जा रहा है पांचवां मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट