देश की खबरें | दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर बस और जीप की टक्‍कर में छह लोगों की मौत, दो घायल

गाजियाबाद, 11 जुलाई उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह एक बस और जीप की आमने-सामने की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई तथा दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर सुबह छह बजे के आसपास यह हादसा उस समय हुआ, जब दिल्‍ली की गाजीपुर सीमा पर स्थित एक पेट्रोल पंप से सीएनजी भरवाकर गलत दिशा से आ रही स्कूल बस ने एक एसयूवी जीप को टक्कर मार दी।

अधिकारी ने बताया कि हादसे में जीप सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि सभी मृतक और घायल एक ही परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वे मेरठ के इंचौली थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और मंगलवार को किसी काम के सिलसिले में गुरुग्राम जा रहे थे।

अपर पुलिस उपायुक्त यातायाात रामानंद कुशवाहा के अनुसार, बस नोएडा के बाल भारती स्कूल की थी और उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि स्कूल बंद होने के कारण हादसे के समय बस में कोई छात्र मौजूद नहीं था।

कुशवाहा ने बताया कि हादसे में मारे गए लोगों की पहचान नरेंद्र (45), उसकी पत्नी अनीता (40), बेटे दीपांशु (15) और हिमांशु (12), भतीजी वंशिका (7) तथा भाभी बबीता (35) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि हादसे में नरेंद्र के भाई धर्मेंद्र (40) और उसके बेटे कार्तिक (5) को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों का एक निजी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

कुशवाहा के मुताबिक, बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस उपायुक्‍त (ग्रामीण) शुभम पटेल ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन से खींचकर संबंधित पुलिस थाने (क्रॉसिंग रिपब्लिक) के बाहर खड़ा कर दिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)