IPL 2023: गुजरात टाइटंस के क्रिकेट निदेशक विक्रम सोलंकी ने कहा, गुजरात टाइटंस के भविष्य के कप्तान हो सकते हैं शुभमन गिल

गुजरात टाइटंस के क्रिकेट निदेशक विक्रम सोलंकी का मानना है कि भारत के युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल की क्रिकेट की समझ बहुत अच्छी है और वह भविष्य में इस फ्रेंचाइजी टीम के कप्तान बन सकते हैं.

शुभमन गिल (Photo Credits: BCCI/Twitter)

मुंबई, 23 मार्च गुजरात टाइटंस के क्रिकेट निदेशक विक्रम सोलंकी का मानना है कि भारत के युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल की क्रिकेट की समझ बहुत अच्छी है और वह भविष्य में इस फ्रेंचाइजी टीम के कप्तान बन सकते हैं. गिल पिछले छह महीने से भारतीय टीम का अहम हिस्सा बने हुए हैं और इस बीच उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया जिसमें न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में दोहरा शतक लगाना भी शामिल है. उन्होंने पिछले साल गुजरात टाइटंस को आईपीएल खिताब दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई थी. यह भी पढ़ें: IPL के नए नियम 'Impact Player' के लिए अंपायर सिग्नल जारी, फैंस ने ट्विटर पर लिए मजा, देखें मजेदार Tweet

हार्दिक पंड्या का लगातार दूसरे सत्र में गुजरात टाइटंस की अगुवाई करना तय है लेकिन टीम प्रबंधन गिल को भविष्य के कप्तान के रूप में देखता है.

सोलंकी ने गुरुवार को वर्चुअल मीडिया सत्र में पत्रकारों से कहा,‘‘ शुभमन के अंदर एक नेतृत्वकर्ता छिपा है और वह काफी जिम्मेदारी लेता है. मेरे हिसाब से यह महत्वपूर्ण नहीं है कि आपके नाम के आगे कप्तान होने का चिन्ह लगे होने पर ही आप अपनी भूमिका निभाओ.’’

उन्होंने कहा,‘‘ शुभमन ने पिछले साल भी अपने आचरण और खेल के प्रति अपने पेशेवर रवैए के कारण नेतृत्वकर्ता की भूमिका निभाई थी.’’

सोलंकी ने कहा,‘‘ क्या मैं यह सोचता हूं कि शुभमन भविष्य का कप्तान होगा। हां, निश्चित तौर पर लेकिन इस बारे में अभी कोई फैसला नहीं किया गया है। उसमें नेतृत्व करने के गुण हैं, वह बहुत परिपक्व है और काफी प्रतिभाशाली है.’’

उन्होंने कहा,‘‘ उसके पास बहुत अच्छा क्रिकेटिया दिमाग है और हम शुभमन के साथ चर्चा जारी रखेंगे और जो भी फैसला करेंगे उसमें उसकी राय जरूर लेंगे.’’

गुजरात टाइटंस आईपीएल में अपना पहला मैच 31 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेलेगा.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें