देश की खबरें | बुजुर्ग ससुराल वालों पर हमला करने के आरोप में चिकित्सक को कारण बताओ नोटिस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. चिकित्सा शिक्षा विभाग ने विक्टोरिया अस्पताल की एक चिकित्सक को अपने बुजुर्ग ससुराल वालों पर कथित रूप से हमला करने और उन्हें परेशान करने के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
बेंगलुरू, 16 मार्च चिकित्सा शिक्षा विभाग ने विक्टोरिया अस्पताल की एक चिकित्सक को अपने बुजुर्ग ससुराल वालों पर कथित रूप से हमला करने और उन्हें परेशान करने के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, बैंगलोर चिकित्सा महाविद्यालय एवं अनुसंधान संस्थान (बीएमसीआरआई) की आपातकालीन चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रियदर्शिनी का अपने बच्चों के साथ बुजुर्ग ससुराल वालों पर कथित तौर पर हमला करने का एक वीडियो हाल ही में वायरल हुआ था।
इसमें कहा गया है, "रिपोर्ट से पता चलता है कि वह पिछले दस वर्षों से उन्हें परेशान कर रही थी। उसने पहले ही तलाक के लिए अर्जी दायर कर दी थी, लेकिन कथित तौर पर वह अपने ससुराल वालों के घर गई और उन पर शारीरिक हमला किया। इस घटना के संबंध में बेंगलुरु के एक पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।"
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामला 14 मार्च को तब प्रकाश में आया जब वीडियो वायरल हुआ। चिकित्सक के ससुर ने अन्नपूर्णेश्वरी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि चिकित्सक को गिरफ्तार कर लिया गया और बाद में उसी दिन जमानत पर रिहा कर दिया गया।
चिकित्सा शिक्षा विभाग के बयान में कहा गया है, "चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव मोहम्मद मोहसिन के निर्देश के बाद विक्टोरिया अस्पताल की डॉ. प्रियदर्शिनी को घटना के संबंध में लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा गया है, ऐसा न करने पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।"
मोहसिन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि इस तरह के व्यवहार से विभाग की बदनामी होती है। उन्होंने तत्काल चिकित्सा शिक्षा निदेशक (डीएमई) डॉ. सुजाता राठौड़ को डॉ. प्रियदर्शिनी को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)