ताजा खबरें | राज्यसभा में शिवसेना सदस्य ने प्रेस की आजादी का मुद्दा उठाया
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. राज्यसभा में सोमवार को शिवसेना सदस्य प्रियंका चतुर्वेदी ने सरकार से सवाल करने वाले मीडिया संगठनों पर ‘नियंत्रण के लिए’ तरीके सुझाने की खातिर कथित तौर पर पिछले साल मंत्रियों का एक समूह गठित किए जाने का मुद्दा उठाया।
नयी दिल्ली, 15 मार्च राज्यसभा में सोमवार को शिवसेना सदस्य प्रियंका चतुर्वेदी ने सरकार से सवाल करने वाले मीडिया संगठनों पर ‘नियंत्रण के लिए’ तरीके सुझाने की खातिर कथित तौर पर पिछले साल मंत्रियों का एक समूह गठित किए जाने का मुद्दा उठाया।
उन्होंने शून्यकाल में यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि नौ मंत्रियों के समूह का गठन कथित तौर पर "कुछ मीडिया एजेंसियों को काबू करने के लिए किया गया था जिनके सुर सरकार के खिलाफ थे।"
उन्होंने कहा, "राष्ट्र के खिलाफ नहीं.... बल्कि सरकार के खिलाफ।"
शिवसेना सदस्य के अनुसार, समूह को कहा गया था कि "उन्हें कैसे काबू किया जाए। और उन एजेंसियों को कैसे बढ़ावा दिया जाए जो सरकार के पक्ष में बोल रही हैं।"
मंत्रियों के समूह में कथित तौर पर विदेश मंत्री एस जयशंकर, कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद, कपड़ा और महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर शामिल थे।
चतुर्वेदी ने कहा, "हम लोकतंत्र में ऐसी एजेंसियों के बीच कैसे भेदभाव कर सकते हैं जो देश के लोगों के लिए बोलती हैं और जो सरकार के खिलाफ बोलती हैं तथा उनसे सवाल करती हैं।"
उन्होंने कहा, ‘‘क्या यह अभिव्यक्ति की आज़ादी के साथ-साथ प्रेस की आज़ादी के खिलाफ नहीं है?’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)