देश की खबरें | शाह ने ओडिशा में नक्सल हिंसा पर काबू पाने के लिए पटनायक की सराहना की

भुवनेश्वर, पांच अगस्त ओडिशा में सत्तारूढ़ दल बीजद द्वारा केंद्र सरकार के खिलाफ संसद में विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव के विरोध की घोषणा की पृष्ठभूमि में भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को "लोकप्रिय" बताते हुए लगातार पांच बार मुख्यमंत्री पद पर आसीन होने के लिए उनकी सराहना की।

साल 2019 में बीजू जनता दल (बीजद) सरकार को “जला हुआ ट्रांसफार्मर” कहने वाले शाह ने एक सरकारी कार्यक्रम में पटनायक के साथ मंच साझा करते हुए कहा, “पटनायक ने लगातार पांच बार ओडिशा का मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड बनाया है। वह एक लोकप्रिय मुख्यमंत्री हैं।”

केंद्र सरकार के साथ-साथ सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में नंबर 2 माने जाने वाले शाह ने स्पष्ट रूप से पटनायक की प्रशंसा की।

शाह ने कहा, "ओडिशा सरकार और नवीन बाबू ने नक्सलियों से निपटने के लिए हमेशा केंद्र का साथ दिया है।"

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देश से नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा, "ओडिशा ने आपदा प्रबंधन के लिए नवीन तरीकों को अपनाया है और इसलिए यह देश के लिए एक आदर्श के रूप में उभरा है।"

शाह ने कहा कि प्राकृतिक आपदा ओडिशा में एक बड़ी समस्या है।

उन्होंने कहा, "मैं राज्य में सभी आपदा प्रबंधन पहलों को लागू करके केंद्र की मदद करने के लिए नवीन जी को फिर से धन्यवाद देना चाहता हूं।"

उन्होंने कहा, "राज्य सरकार ने भी अपनी आपदा प्रबंधन पहल लागू की और आपदा प्रबंधन में देश के लिए एक आदर्श बन गई। अगर दो सरकारें मिलकर काम करें तो प्राकृतिक आपदाओं पर भी काबू पाया जा सकता है।"

उन्होंने कहा कि एक समय ओडिशा चक्रवात के लिए कुख्यात था और अनेक लोग मारे जाते थे।

केंद्रीय गृह मंत्री ने अपने 15 मिनट के भाषण में कहा, "हालांकि, अब जब चक्रवात ओडिशा में आते हैं, तो हताहतों की संख्या लगभग शून्य होती है। पूरी दुनिया ने भी इसे देखा है।"

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एनडीआरएफ और एनडीएम के माध्यम से आपदा प्रबंधन को शासन का हिस्सा बना दिया है।

उन्होंने कहा, "ओडिशा सरकार ने भी इस पहल का समर्थन किया है।"

शाह के पटनायक की प्रशंसा करने को इसलिए महत्व दिया जा रहा है क्योंकि ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजद ने दिल्ली सेवा विधेयक पर केंद्र सरकार का समर्थन करने और मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का विरोध करने की घोषणा की है।

हालांकि दिल्ली विधेयक का समर्थन नहीं करने और अविश्वास प्रस्ताव का विरोध करने के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) ने बीजद की आलोचना की है। वहीं, बीजद भाजपा और कांग्रेस से समान दूरी बनाए रखने का दावा करती रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)