देश की खबरें | शाह ने पैरालंपिक में भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सराहा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तोक्यो पैरालंपिक में पदक जीतने वाले सभी खिलाड़ियों को सोमवार को बधाई दी और कहा कि देश उनके जज्बे को सलाम करता है।
नयी दिल्ली, 30 अगस्त केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तोक्यो पैरालंपिक में पदक जीतने वाले सभी खिलाड़ियों को सोमवार को बधाई दी और कहा कि देश उनके जज्बे को सलाम करता है।
तोक्यो पैरालंपिक में सोमवार का दिन भारत के लिए उपलब्धियों से भरा रहा। 19 वर्षीय अवनि लेखरा ने निशानेबाजी प्रतियोगिता में महिलाओं के आर-2 10 मीटर एयर राइफल के क्लास एसएच1 में स्वर्ण पदक जीता। इस उपलब्धि को हासिल करने वाली वह भारतीय महिला बनीं।
लेखरा के अलावा चक्का फेंक एथलीट योगेश कथूनिया, भाला फेंक खिलाड़ी देवेन्द्र झाझरिया और सुंदर सिंह गुर्जर ने भी पदक जीते।
शाह ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘ऐतिहासिक! पैरालंपिक में अपने परिश्रम और उत्कृष्ट प्रदर्शन से स्वर्ण पदक जीतकर हर भारतीय को गौरवान्वित करने वाली अवनि लेखरा को बहुत-बहुत बधाई। विश्व में तिरंगे का मान बढ़ाने के लिए आपके जुनून व समर्पण को पूरा देश सलाम करता है।’’
उन्होंने भाला फेंक स्पर्धा में रजत जीतने वाले देवेन्द्र झाझरिया और कांस्य जीतने वाले सुंदर सिंह गुर्जर की भी सराहना की।
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘देश आज एक ऐतिहासिक सुबह का गवाह बन रहा है। गर्व है हमें अपने खिलाड़ियों पर। पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में देवेंद्र झाझरिया और सुंदर सिंह गुर्जर को क्रमश: रजत और कांस्य जीतने के लिए बधाइयां।’’
शाह ने चक्का फेंक स्पर्धा में रजत जीतने वाले कथूनिया को दिए बधाई संदेश में कहा, ‘‘बहुत शानदार योगेश कथूनिया। पैरालंपिक में रजत पदक जीतने पर आपको बहुत बहुत बधाई। देश आपकी शानदार उपलब्धि का जश्न मना रहा है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)