देश की खबरें | उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड जारी, कई हिस्सों में तापमान में गिरावट, हिमाचल में हिमपात

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीत लहर की स्थिति बनी रही तथा अधिकतर राज्यों में सुबह घना कोहरा छाया रहा।

नयी दिल्ली, 17 जनवरी उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीत लहर की स्थिति बनी रही तथा अधिकतर राज्यों में सुबह घना कोहरा छाया रहा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्का से मध्यम हिमपात हुआ तथा कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हुई।

हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में पारा एक से पांच डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में तापमान 6-10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में आगामी सप्ताह में वर्षा और हिमपात हो सकता है।

मौसम विभाग ने अपने बुलेटिन में कहा कि अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने का अनुमान नहीं है और इसके बाद यह धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री तक बढ़ जाएगा।

विभाग ने बताया कि राजस्थान में बीकानेर, जयपुर, कोटा और भरतपुर संभागों में कुछ स्थानों पर शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया रहा और ठंड का प्रकोप रहा।

राज्य का एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू 0.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। मैदानी इलाकों में सिरोही में 3.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

लगभग सभी प्रमुख शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। राज्य की राजधानी जयपुर में शुक्रवार सुबह तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिमपात के बाद कश्मीर में अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है तथा मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में मुख्यतः शुष्क मौसम रहने का अनुमान जताया है।

उन्होंने बताया कि कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों और घाटी के कुछ मैदानी इलाकों में बृहस्पतिवार को हिमपात हुआ। हिमपात के बाद कश्मीर में ठंड की स्थिति बनी हुई है और अधिकांश स्थानों पर रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

श्रीनगर में बृहस्पतिवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो पिछली रात के शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे से आधा डिग्री अधिक है।

गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविरों में से एक पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 11.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे से सात डिग्री कम है।

हिमाचल प्रदेश के निचले पहाड़ी इलाकों में भीषण शीतलहर की स्थिति बनी हुई है और कुछ हिस्सों में तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है।

स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई।

ऊना और हमीरपुर में भीषण शीतलहर की स्थिति देखी गई, जबकि बर्थिन और कांगड़ा में भी शीतलहर की स्थिति देखी गई। रात के समय ताबो सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 13.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

पंजाब और हरियाणा में भी शीत दिवस की स्थिति देखी गई।

पंजाब में पठानकोट सबसे ठंडा स्थान रहा जहां तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है; पटियाला में 8.4 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा में सात डिग्री सेल्सियस, फरीदकोट में 6.9 डिग्री सेल्सियस और गुरदासपुर जिलों में 6.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ और दोनों राज्यों की साझा राजधानी में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पड़ोसी राज्य हरियाणा में अंबाला का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस, रोहतक का 10.1 डिग्री सेल्सियस, करनाल का सात डिग्री सेल्सियस और नारनौल का छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश भीषण ठंड की चपेट में है और शुक्रवार को सुबह कोहरे के कारण कई हिस्सों में दृश्यता कम हो गई।

घने कोहरे के कारण सुबह आम जनजीवन प्रभावित हुआ, खासकर लखनऊ जैसे प्रमुख शहरों में, जहां इससे सड़क यातायात प्रभावित हुआ और कुछ रेलगाड़ियां कई घंटे देरी से चलीं।

लखनऊ में सुबह के समय बादल छाए रहने और ठंडी हवाओं के कारण ठंड का असर काफी अधिक रहा। दोपहर में धूप निकलने से कड़ाके की ठंड से कुछ समय के लिए राहत मिली।

दिन में अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के अन्य स्थानों में इटावा में सबसे कम न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता पर केंद्र के आयोग ने शुक्रवार को अनुकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण प्रदूषण में कमी के बीच क्रमिक प्रतिक्रिया कार्य योजना (जीआरएपी) के चरण तीन के तहत प्रतिबंधों को हटा दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

India vs Namibia, T20 World Cup 2026 18th Match Stats And Preview: रोमांचक मुकाबले में नामीबिया को हराकर टूर्नामेंट के सुपर 8 में अपनी जगह पक्की करना चाहेगी टीम इंडिया, मैच से पहले जानें स्टैट्स एंड प्रीव्यू

England vs West Indies, T20 World Cup 2026 15th Match Scorecard: मुंबई में वेस्ट इंडीज ने इंग्लैंड के सामने रखा 197 रनों का टारगेट, शेरफेन रदरफोर्ड ने खेली तूफानी पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

England vs West Indies, T20 World Cup 2026 15th Match Pitch Report And Weather Update: इंग्लैंड बनाम वेस्ट इंडीज के बीच रोमांचक मुकाबले में बारिश बनेगी विलेन या फैंस उठाएंगे पुरे मैच का लुफ्त? यहां जानें पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल

India vs Namibia T20I Stats: टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक दूसरे के खिलाफ कुछ ऐसा रहा हैं टीम इंडिया और नामीबिया का प्रदर्शन, यहां देखें आकंड़ें

\