मणिपुर में व्यक्ति के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद पृथक केंद्र सील
पूर्वी इम्फाल की उपायुक्त रंगीताबाली वाइकहोम ने कहा कि निर्देशित पृथक केंद्र जामिया गलीना अजीज बालिका विद्यालय को मणिपुर महामारी बीमारी कोविड-19 नियमन 2020 के तहत ‘‘निरुद्ध क्षेत्र’’ और इमारत को “पूरी तरह सील” घोषित किया गया है।
इम्फाल, 15 मई मणिपुर के पूर्वी इम्फाल जिले में एक सामुदायिक पृथक केंद्र को वहां रह रहे मरीज के कोविड-19 से संक्रमित पाए जाने के बाद सील कर दिया गया है।
पूर्वी इम्फाल की उपायुक्त रंगीताबाली वाइकहोम ने कहा कि निर्देशित पृथक केंद्र जामिया गलीना अजीज बालिका विद्यालय को मणिपुर महामारी बीमारी कोविड-19 नियमन 2020 के तहत ‘‘निरुद्ध क्षेत्र’’ और इमारत को “पूरी तरह सील” घोषित किया गया है।
उपायुक्त द्वारा जारी आदेश में कहा गया, “उक्त इमारत को पूरी तरह सील कर दिया गया है और किसी भी नियंत्रण कार्य का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति/ संस्थान/ संगठन को लेकर माना जाएगा कि उसने भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत दंडनीय अपराध किया है।”
इसमें कहा गया कि लोगों का इमारत में प्रवेश प्रतिबंधित है।
केंद्र में पृथक-वास में रखा गया 31 साल का युवक 13 मई से यहां रह रहा था और बृहस्पतिवार को कोविड-19 की जांच में संक्रमित पाया गया।
कोविड-19 का मरीज अब यहां जवाहरलाल नेहरू आयुर्विज्ञान संस्थान के पृथक वार्ड में भर्ती है।
वह 13 मई को चार अन्य के साथ मुंबई से राज्य आया था।
अधिकारियों ने बताया कि मरीज में “फिलहाल लक्षण नहीं दिख रहे हैं।”
इस बीच, स्वास्थ्य विभाग की विज्ञप्ति में कहा गया कि मरीज के संपर्क में आए लोगों का पता लगाने का काम शुरू कर दिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)