देश की खबरें | वरिष्ठ पत्रकार के सत्यनारायण नहीं रहे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. वरिष्ठ पत्रकार के सत्यनारायण का रविवार को यहां उनके निवास पर निधन हो गया। वह 82 साल के थे।
बेंगलुरु, आठ जनवरी वरिष्ठ पत्रकार के सत्यनारायण का रविवार को यहां उनके निवास पर निधन हो गया। वह 82 साल के थे।
उनके परिवार से जुड़़े सूत्रों ने बताया कि सत्यनारायण वृद्धावस्था संबंधी बीमारियों से ग्रस्त थे और उन्होंने यहां जयनगर में अपने निवास पर अंतिम सांस ली।
उनका अंतिम संस्कार आज शाम होगा। उनके परिवार में पत्नी और बेटी है।
सत्यनारायण ने ‘तायनाडू’ नामक अखबार से अपने पत्रकारीय करियर की शुरुआत की थी और बाद में वह तीन दशक से अधिक समय तक प्रमुख कन्नड़ दैनिक समाचार पत्र ‘कन्नड़ प्रभा’ से जुड़े रहे एवं उसके संपादक भी बने।
वह राज्य एवं देश के समसामयिक राजनीतिक एवं आर्थिक मुद्दों पर प्रकाश डालने वाले आलेख एवं स्तंभ लिखने को लेकर चर्चा में रहते थे। वृद्धावस्था में भी वह कुछ अखबारों में स्तंभ लिखा करते थे।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई एवं विधानसभा में विपक्ष के नेता सिद्धरमैया ने सत्यनारायण के निधन पर शोक प्रकट किया।
बोम्मई ने कहा, ‘‘ कन्नड़ प्रभा दैनिक के संपादक रहे वरिष्ठ पत्रकार के सत्यनारायण के निधन की खबर सुनकर मुझे बड़ा दुख हुआ। मैं दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। उन्होंने कन्नड़ पत्रकारिता में अनोखी छाप छोड़ी है और वह कई लोगों के प्रेरणा स्रोत थे।’’
सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘ मैं लंबे समय के अपने प्रिय दोस्त को गंवा बैठा हूं। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदना है। उनकी आत्मा को शांति मिले।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)