जामनगर, 12 सितंबर गुजरात के जामनगर में एक सरकारी अस्पताल के दो डॉक्टरों को ऑपरेशन थियेटर के अंदर रोगी के साथ तस्वीर के सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित होने के बाद जांच पूरी होने तक छुट्टी पर भेज दिया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
तस्वीर में, दो वरिष्ठ रेजिडेंट चिकित्सक नजर आ रहे है, जबकि पीछे ऑपरेशन की मेज पर मरीज लेटा है, जिसका चेहरा नहीं दिख रहा।
रोगी के मस्तिष्क में जमे थक्के को हटाने के लिए एमपी शाह शासकीय मेडिकल कॉलेज से जुड़े जीजी अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में ‘न्यूरोसर्जरी’ की गई थी।
जिस अस्पताल में यह घटना हुई, उससे जुड़े कॉलेज की डीन डॉ. नंदिनी देसाई ने कहा, "तस्वीर सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद दोनों चिकित्सकों को जांच पूरी होने तक एक सप्ताह की छुट्टी पर भेज दिया गया है।"
रिपोर्ट एक दिन में तैयार की जाएगी और जांच नैतिकता के पहलुओं और क्या गोपनीयता की धारा का उल्लंघन किया गया, पर आधारित होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY