देश की खबरें | सेन ने प्रणय को हराया, सात्विक-चिराग भी जीते

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मौजूदा चैंपियन लक्ष्य सेन ने इंडिया ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में मंगलवार को यहां हमवतन एचएस प्रणय को सीधे गेम में हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।

नयी दिल्ली, 17 जनवरी मौजूदा चैंपियन लक्ष्य सेन ने इंडिया ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में मंगलवार को यहां हमवतन एचएस प्रणय को सीधे गेम में हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।

विश्व में 12वें नंबर के खिलाड़ी और यहां सातवीं वरीयता प्राप्त सेन ने शानदार खेल का नजारा पेश करके विश्व में नौवें नंबर के खिलाड़ी प्रणय से मलेशिया ओपन में मिली हार का बदला भी चुकता किया। सेन ने इंदिरा गांधी स्टेडियम के केडी जाधव हॉल में खेले गए मैच में प्रणय को 21-14, 21-15 से हराया।

पुरुष युगल में मौजूदा चैम्पियन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने स्कॉटलैंड के क्रिस्टोफर ग्रिमली और मैथ्यू ग्रिमली को 21-13, 21-15 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।

राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन सेन अगले दौर में डेनमार्क के रासमस गेम्के से भिड़ेंगे जिन्होंने दो बार के विश्व चैम्पियन जापान के केंटो मोमोटा को 21-15, 21-11 से हराया।

सेन ने अधिक आक्रामक रवैया अपनाया और कुछ अच्छे विनर्स लगाए। उन्होंने विश्वसनीय शुरुआत के बाद 15-9 से बढ़त हासिल की। दूसरी तरफ प्रणय ने लगातार गलतियां की जिसका 21 वर्षीय सेन ने पूरा फायदा उठाया। सेन के पास नौ गेम प्वाइंट थे जिनमें से उन्होंने तीन गेम प्वाइंट गंवाए लेकिन प्रणय इसके बाद फिर से नेट पर खेल गए।

दूसरा गेम शुरू में अधिक प्रतिस्पर्धी लगा। इस गेम में एक समय स्कोर 9-9 से बराबरी पर था लेकिन इसके बाद सेन ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

सेन ने मैच के बाद कहा,‘‘ मैंने शुरू में ही लय हासिल कर ली थी। मलेशिया ओपन में मैं शटल पर नियंत्रण नहीं रख पाया था। आज मेरे स्मैश और हाफ स्मैश अच्छे थे।’’

पिछले सप्ताह कुआलालंपुर में सेमीफाइनल में जगह बनाने वाले सात्विक और चिराग अगले दौर में चीन के लियू यू चेन और ओउ जुआन यी तथा इंग्लैंड के बेन लेन और सीन वेंडी के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से भिड़ेंगे।

चिराग ने कहा,‘‘ हम अधिक प्रतियोगिताएं जीतना चाहते हैं और हमारा लक्ष्य इस साल विश्व रैंकिंग में नंबर तीन पर पहुंचना है। हम ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप जैसी महत्वपूर्ण प्रतियोगिता जीतना चाहते हैं और विश्व चैंपियनशिप में पहले से बेहतर प्रदर्शन करना चाहते हैं।’’

राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने महिला युगल में फ्रांस की मार्गोट लैम्बर्ट और ऐनी ट्रान की दुनिया में 29वें नंबर जोड़ी को 22-20, 17-21, 21-18 से हराया।

महिला युगल में ही एन सिक्की रेड्डी और उनकी नयी जोड़ीदार श्रुति मिश्रा जर्मनी की लिंडा एफलर और इसाबेल लोहाउ से एक संघर्षपूर्ण मुकाबले में 17-21, 19-21 से हार गईं।

इससे पहले चीन के शी यूकी ने इंडोनेशिया के चिको ऑरा ड्वी वार्डोयो को 20-22, 21-16, 21-15 से और चीनी ताइपे के वांग तजु वेई ने आयरलैंड के नहैट गुयेन को 21-18, 21-17 से हराया।

अन्य मैचों में चीनी ताइपे के पांचवीं वरीयता प्राप्त चाउ टिएन चेन ने ली चेउक इयु को 22-20, 14-21, 21-11 से जबकि झाओ जून पेंग ने वेंग होंग यांग को 21-19, 21-12 से पराजित किया।

महिला एकल में तीन बार की पूर्व विजेता रत्चानोक इंतानोन ने मलेशिया की गोह जिन वेई को 21-13, 21-11 से और रियो ओलंपिक की चैंपियन कैरोलिना मारिन ने 2017 की विश्व चैंपियन नोजोमी ओकुहारा को 21-13, 21-18 से शिकस्त दी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Delhi Bad Weather: दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज, बारिश के बीच खराब वेदर के चलते Air india और Indigo ने जारी की एडवाइजरी; यात्रियों को दी ये सलाह

Pune IAF Aircraft Incident: पुणे एयरपोर्ट पर वायुसेना के विमान की 'हार्ड लैंडिंग' के बाद रनवे बंद, इंडिगो, एयर इंडिया समेत कई एयरलाइंस की 80 से अधिक उड़ानें रद्द; यात्री परेशान

SRH vs CSK, IPL 2026 27th Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा सनराइजर्स हैदराबाद बनाम चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

GT vs KKR, IPL 2026 25th Match Scorecard: नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शुभमन गिल ने कोलकाता नाइट राइडर्स के उम्मीदों पर फेरा पानी, 5 विकेट से मिली करारी हार; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड