देश की खबरें | सेन विश्व रैंकिंग में शीर्ष 10 में, तृषा-गायत्री युगल में करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग पर पहुंची

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतने वाले युवा भारतीय खिलाड़ी लक्ष्य सेन विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) की मंगलवार को जारी नवीनतम रैंकिंग में शीर्ष 10 में अपनी जगह बनाने में सफल रहे।

नयी दिल्ली, 22 मार्च ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतने वाले युवा भारतीय खिलाड़ी लक्ष्य सेन विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) की मंगलवार को जारी नवीनतम रैंकिंग में शीर्ष 10 में अपनी जगह बनाने में सफल रहे।

उत्तराखंड के 20 साल के इस खिलाड़ी ने  74,786 अंक के साथ अपनी रैंकिंग में दो स्थान का सुधार किया। वह मौजूदा विश्व चैम्पियन सिंगापुर के लोह कीन यीव को पीछे छोड़ते हुए नौवें स्थान पहुंच गये है।

ऑल इंग्लैंड चैम्पियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाले पांचवें भारतीय खिलाड़ी बने सेन को रविवार को डेनमार्क के पूर्व विश्व नंबर एक खिलाड़ी विक्टर एक्सेलसेन से सीधे गेमों में हार का सामना करना पड़ा था।

जूनियर स्तर पर विश्व के नंबर एक खिलाड़ी रहे सेन ने इस प्रकार रैंकिंग में शीर्ष भारतीय पुरुष एकल खिलाड़ी बन गये। उन्होंने किदांबी श्रीकांत को पीछे छोड़ा, जो इस सप्ताह 12वें स्थान पर खिसक गये है।

लगातार दो टूर्नामेंटों जर्मन ओपन और ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के फाइनल खेलने के बाद थकान महसूस कर रहे सेन ने मौजूदा स्विस ओपन से हटने का फैसला किया।

ऑल इंग्लैंड चैम्पियनशिप में सेमीफाइनल तक का सफर तय करने वाली त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की भारतीय महिला युगल जोड़ी भी 12 स्थानों के सुधार के साथ करियर की सर्वश्रेष्ठ 34वें नंबर पर पहुंच गयी है।

बर्मिंघम में रिजर्व सूची से मुख्य ड्रॉ में जगह बनाने वाली इस जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त कोरिया की ली सोही और शिन सेउंगचन  की जोड़ी को हराकर उलटफेर किया था।

राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी एक स्थान गंवाने के बावजूद 20वीं रैंकिंग के साथ सर्वश्रेष्ठ भारतीय महिला युगल जोड़ी है।

दो ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू दुनिया की सातवीं नंबर की महिला एकल खिलाड़ी हैं, जबकि साइना आल इंग्लैंड में दूसरे दौर की हार के बावजूद रैंकिंग में दो पायदान का सुधार करने में सफल रहीं वह 23वें स्थान पर हैं।

राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी पुरुष युगल में सातवें स्थान पर है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\