देश की खबरें | सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर को 'वाई श्रेणी' की सुरक्षा, सपा ने साधा निशाना

लखनऊ, 22 जुलाई उत्तर प्रदेश शासन ने समाजवादी पार्टी (सपा) के सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर को ‘वाई श्रेणी’ की सुरक्षा प्रदान की है।

सुभासपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और ओमप्रकाश राजभर के पुत्र अरुण राजभर ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की।

राजभर को ‘वाई श्रेणी’ सुरक्षा मिलने के बाद सपा सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से राजभर की नजदीकी बढ़ने का आरोप लगाते हुए आक्रामक हो गई है। राष्ट्रपति चुनाव में राजभर की पार्टी की सपा से दूरी बढ़ने और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने के कुछ दिनों बाद यह घटनाक्रम सामने आया, जो अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को पराजित कर विजयी हुईं।

राजभर को सुरक्षा प्रदान किये जाने के बाद सपा ने तंज करते हुए दावा किया कि राजभर को सपा के खिलाफ हालिया बयानबाजी के लिए इनाम दिया गया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, उत्तर प्रदेश शासन के गृह विभाग के संयुक्त सचिव विनय कुमार सिंह की ओर से अपर पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) को भेजे गये पत्र में कहा गया है कि गाजीपुर जिले के जहूराबाद क्षेत्र के विधायक और सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर को राज्य स्तरीय समिति की आगामी बैठक में होने वाले निर्णय की प्रत्याशा में ‘वाई श्रेणी’ की सुरक्षा अंतरिम रूप से प्रदान कराये जाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने इस मामले में एडीजी से औपचारिकता पूरी करने की अपेक्षा की है।

‘वाई श्रेणी’ सुरक्षा में 11 सुरक्षाकर्मी शामिल होते हैं जिसमें दो पीएसओ (निजी सुरक्षा गार्ड) भी होते हैं। शासन द्वारा व्यक्ति की सुरक्षा का आकलन करने के बाद उन्हें उसी आधार पर सुरक्षा मुहैया कराई जाती है।

इस सिलसिले में सपा के वरिष्ठ नेता आईपी सिंह ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘राजभर सपा नेतृत्व के खिलाफ जिस तरह की बयानबाजी कर रहे थे, उस पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उन्हें इनाम दिया है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)