जरुरी जानकारी | एसबीआई, एचडीएफसी की 8.40 प्रतिशत पर आवास ऋण देने की पेशकश
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. ब्याज दरों में बढ़ोतरी के बावजूद आवास ऋण क्षेत्र के प्रमुख खिलाड़ियों भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और एचडीएफसी ने त्योहारी पेशकश के तहत रियायती 8.40 प्रतिशत की शुरुआती दर पर आवास ऋण देने की पेशकश की है।
मुंबई, 12 अक्टूबर ब्याज दरों में बढ़ोतरी के बावजूद आवास ऋण क्षेत्र के प्रमुख खिलाड़ियों भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और एचडीएफसी ने त्योहारी पेशकश के तहत रियायती 8.40 प्रतिशत की शुरुआती दर पर आवास ऋण देने की पेशकश की है।
एसबीआई ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि उसका आवास ऋण का आंकड़ा छह लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है, जो क्षेत्र में किसी भी बैंक द्वारा दिया गया सबसे अधिक ऋण है।
बैंक ने इस अवसर पर आवास ऋण लेने वालों के लिए त्योहारी छूट की पेशकश भी दी है।
इसके तहत बैंक ब्याज में 0.25 प्रतिशत की छूट देगा। इस तरह शुरुआती स्तर के कर्ज के लिए ब्याज दर 8.40 प्रतिशत बैठेगी। यह पेशकश 31 जनवरी, 2023 तक उपलब्ध होगी।
बैंक के अनुसार, त्योहारी पेशकश के तहत आवास ऋण पर 0.25 प्रतिशत, आवास ऋण के ऊपर दिए जाने वाले ऋण (टॉप-लाइन) पर 0.15 प्रतिशत और संपत्ति के एवज में ऋण पर 0.30 प्रतिशत तक की छूट दी जायेगी।
इस उपलब्धि पर एसबीआई के चेयरमैन दिनेश खारा ने कहा कि बैंक से 28 लाख से अधिक लोगों ने आवास ऋण लिया है।
वहीं, एचडीएफसी ने नए कर्जदारों को 0.20 प्रतिशत की छूट या 8.40 प्रतिशत पर रियायती ब्याज दरों की पेशकश की है।
एचडीएफसी की वेबसाइट के अनुसार, त्योहारी छूट की पेशकश 30 नवंबर तक वैध है। साथ ही कम दर उन कर्जदारों पर लागू होगी, जिनका ‘क्रेडिट स्कोर’ कम से कम 750 है।
एचडीएफसी ने पीटीआई- को बताया कि जून तिमाही में उसका आवास ऋण का आंकड़ा 5.36 लाख करोड़ रुपये और गैर-व्यक्तिगत ऋण का आंकड़ा 1.35 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। इससे उसकी प्रबंधन के तहत संपत्ति 6.71 लाख करोड़ रुपये की हो गई हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)