देश की खबरें | संजय अरोड़ा ने आईटीबीपी के महानिदेशक का प्रभार एस एल थाओसेन को सौंपा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के महानिदेशक एस एल थाओसेन ने सोमवार को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के महानिदेशक पद का अतिरिक्त प्रभार अपने ‘बैचमेट’ संजय अरोड़ा से ग्रहण किया। अरोड़ा को दिल्ली पुलिस का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है।

नयी दिल्ली, एक अगस्त सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के महानिदेशक एस एल थाओसेन ने सोमवार को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के महानिदेशक पद का अतिरिक्त प्रभार अपने ‘बैचमेट’ संजय अरोड़ा से ग्रहण किया। अरोड़ा को दिल्ली पुलिस का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है।

दोनों ही भारतीय पुलिस सेवा के 1988 बैच के अधिकारी हैं। यहां लोधी रोड स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में आईटीबीपी मुख्यालय में दोनों अधिकारियों ने हाथ मिलाया और इसके बाद अरोड़ा ने कार्यभार थाओसेन को सौंप दिया।

आईटीबीपी के दस्ते ने अरोड़ा को ‘सलामी’ दी जिसके बाद उन्होंने अपनी ‘खाकी’ वर्दी पर दिल्ली पुलिस के प्रतीक चिह्न और बिल्ले (बैज) लगाए और मुख्यालय से रवाना हो गए।

केंद्र सरकार ने 1984 बैच के आईपीएस अधिकारी राकेश अस्थाना के सेवानिवृत्त होने के बाद अरोड़ा (57) को रविवार को दिल्ली का पुलिस आयुक्त नियुक्त किया।

दिल्ली पुलिस के आयुक्त के तौर पर अरोड़ा की नियुक्ति केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा उनके तमिलनाडु से एजीएमयूटी में अंतर कैडर प्रतिनियुक्ति को मंजूरी देने के बाद की गई।

दिल्ली पुलिस केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत काम करती है और उसके अधिकारी अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम और केंद्र शासित क्षेत्र (एजीएमयूटी) कैडर के होते हैं।

अरोड़ा ने दिल्ली के नए पुलिस आयुक्त के तौर कार्यभार संभाल लिया है।

मध्य प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी थाओसेन को हाल में एसएसबी का महानिदेशक नियुक्त किया गया था। उन्होंने एक जून को नेपाल और भूटान सीमा की निगरानी करने वाले बल के प्रमुख के तौर पर पदभार संभाला था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\