देश की खबरें | पीलीभीत में खाली कराया गया समाजवादी पार्टी का जिला कार्यालय

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पीलीभीत में नगर पालिका प्रशासन ने समाजवादी पार्टी (सपा) की जिला इकाई के दफ्तर को बुधवार को पुलिस की मदद से खाली करा लिया।

पीलीभीत (उप्र), 18 जून पीलीभीत में नगर पालिका प्रशासन ने समाजवादी पार्टी (सपा) की जिला इकाई के दफ्तर को बुधवार को पुलिस की मदद से खाली करा लिया।

इसी बीच, प्रशासन की इस कार्रवाई का विरोध कर रहे 35 सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

सिटी मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर ने बताया कि नकटादाना चौराहा स्थित सपा कार्यालय कई वर्षों से अवैध रूप से संचालित हो रहा था। आधिकारिक दस्तावेजों में यह भवन नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी के आवास के तौर पर दर्ज है। पूर्व में नोटिस देकर इसका आवंटन रद्द किया जा चुका था। इसे खाली करने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने 16 जून तक का समय दिया था।

उन्होंने बताया कि मोहलत खत्म होने के बाद भी कार्यालय खाली नहीं करने पर बुधवार सुबह नगर पालिका के अधिकारियों की टीम सात थानों के पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और अवैध कब्जे से मुक्ति का अभियान शुरू किया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं में नोंकझोंक भी हुई। पुलिस ने विरोध कर रहे 35 सपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक अधिकारियों ने खाली कराए गए भवन पर अपना ताला लगा दिया है और पेंट से सपा कार्यालय का नाम मिटवाकर अधिशासी अधिकारी आवास लिखवा दिया।

इस बीच, सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह ‘जग्गा’ ने प्रशासन की इस कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि अधिकारियों ने पार्टी का झंडा निकाल कर फेंक दिया और विरोध करने पर उन्हें धक्का देकर गिरा दिया।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोगों ने जमीनें कब्जा करके अपने बड़े-बड़े महल बनवाए हैं। प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर उनकी रजिस्ट्रियों की जांच कराकर उनके साथ भी ऐसा ही व्यवहार किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\