देश की खबरें | साहा ने दिल्ली में त्रिपुरा की छात्रा की मौत पर दुख जताया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने दिल्ली में लापता हुई इस राज्य की एक छात्रा की मौत पर दुख व्यक्त किया है।

अगरतला, 14 जुलाई त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने दिल्ली में लापता हुई इस राज्य की एक छात्रा की मौत पर दुख व्यक्त किया है।

दक्षिण त्रिपुरा के सबरूम की रहने वाली स्नेहा देबनाथ (19) का शव रविवार को दिल्ली में यमुना नदी में मिला। वह सात जुलाई को लापता हुई थी और लगभग एक हफ्ते बाद उसका शव बरामद हुआ।

मुख्यमंत्री ने रविवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं उसकी (छात्रा की) मौत पर दुख व्यक्त करता हूं और मेरी संवेदना शोक संतप्त परिवार के साथ है। मैं त्रिपुरा भवन, नयी दिल्ली के अधिकारियों से परिवार को हर संभव मदद देने का अनुरोध करता हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि उसने नदी में कूदकर आत्महत्या की। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।’’

साहा ने कहा कि दिल्ली और त्रिपुरा पुलिस बलों के संयुक्त प्रयासों से शव बरामद किया गया।

मूल रूप से दक्षिण त्रिपुरा जिले के भूराटाली की रहने वाली स्नेहा देबनाथ दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ रही थी। उसके माता-पिता हाल ही में दिल्ली में बस गए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\