विदेश की खबरें | रूस ने उत्तर कोरिया को लक्ष्य करके सुरक्षा गठबंधन बनाने के खिलाफ अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान को चेताया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव शुक्रवार को अपनी उत्तर कोरियाई समकक्ष चोई सोन हुई के साथ बैठक के लिए उत्तर कोरिया के पूर्वी वोनसान शहर पहुंचे थे।
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव शुक्रवार को अपनी उत्तर कोरियाई समकक्ष चोई सोन हुई के साथ बैठक के लिए उत्तर कोरिया के पूर्वी वोनसान शहर पहुंचे थे।
हाल के वर्षों में रूस और उत्तर कोरिया के बीच संबंध प्रगाढ़ हुए हैं। उत्तर कोरिया सैन्य और आर्थिक मदद के बदले में यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध में सहायता के लिए सैनिकों और गोला-बारूद की आपूर्ति करता रहा है।
इससे दक्षिण कोरिया, अमेरिका और अन्य देशों में यह चिंता बढ़ गई है कि रूस उत्तर कोरिया को संवेदनशील तकनीक भी हस्तांतरित कर सकता है जिससे उसके परमाणु और मिसाइल कार्यक्रमों से जुड़ा खतरा बढ़ सकता है।
शनिवार को चोई के साथ बैठक के बाद लावरोव ने अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान पर उत्तर कोरिया के आसपास सैन्य तैनाती का आरोप लगाया।
रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास के अनुसार, उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम इन संबंधों का इस्तेमाल उत्तर कोरिया और निश्चित रूप से रूस सहित किसी के भी खिलाफ गठबंधन बनाने के लिए करने के खिलाफ चेतावनी देते हैं।’’
उत्तर कोरिया के बढ़ते परमाणु कार्यक्रम के जवाब में अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान अपने त्रिपक्षीय सैन्य अभ्यासों का विस्तार या पुनर्बहाली कर रहे हैं। तीनों देशों ने शुक्रवार को कोरियाई प्रायद्वीप के पास अमेरिकी परमाणु-सक्षम बमवर्षकों के साथ एक संयुक्त हवाई अभ्यास किया।
इन तीनों देशों के शीर्ष सैन्य अधिकारियों ने सियोल में बैठक की और उत्तर कोरिया से क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाली सभी गैरकानूनी गतिविधियां बंद करने का आग्रह किया।
उत्तर कोरिया अमेरिका के नेतृत्व वाले प्रमुख सैन्य अभ्यासों को हमले का पूर्वाभ्यास मानता है। लंबे समय से यह तर्क दिया जाता रहा है कि अमेरिकी सैन्य खतरों से बचाव के लिए उसे परमाणु हथियार विकसित करने पर मजबूर होना पड़ा है।
लावरोव ने कहा कि रूस, उत्तर कोरिया के परमाणु हथियार हासिल करने के फैसले को समझता है।
अपनी बैठक के दौरान चोई ने दोहराया कि उत्तर कोरिया यूक्रेन के खिलाफ रूस की लड़ाई का ‘बिना शर्त’ समर्थन करता है। उन्होंने उत्तर कोरिया और रूस के संबंधों को ‘अजेय गठबंधन’ करार दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)