विदेश की खबरें | प्रतिबंधों के कारण अमेरिका को संयुक्त अंतरिक्ष परियोजना से बाहर रख सकता है रूस: रोगोजिन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. रूसी अंतरिक्ष एजेंसी के प्रमुख दिमित्री रोगोजिन ने शनिवार को कहा कि रूस पर अमेरिकी प्रतिबंधों के बाद हो सकता है कि अमेरिका शुक्र ग्रह का पता लगाने के लिए रूस के साथ संयुक्त अंतरिक्ष परियोजना वेनेरा-डी का हिस्सा नहीं हो और फिर मॉस्को इस अभियान को अकेले या चीन की भागीदारी के साथ अंजाम देगा।
मास्को, 26 फरवरी रूसी अंतरिक्ष एजेंसी के प्रमुख दिमित्री रोगोजिन ने शनिवार को कहा कि रूस पर अमेरिकी प्रतिबंधों के बाद हो सकता है कि अमेरिका शुक्र ग्रह का पता लगाने के लिए रूस के साथ संयुक्त अंतरिक्ष परियोजना वेनेरा-डी का हिस्सा नहीं हो और फिर मॉस्को इस अभियान को अकेले या चीन की भागीदारी के साथ अंजाम देगा।
वेनेरा-डी शुक्र के बारे में पता लगाने के लिए रूस के रोस्कोस्मोस और अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के बीच एक नियोजित संयुक्त अंतरिक्ष अन्वेषण परियोजना है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा बृहस्पतिवार को यूक्रेन के खिलाफ ‘‘विशेष सैन्य अभियान’’ का आदेश देने के बाद, अमेरिका एवं उसके सहयोगियों ने चार बड़े रूसी बैंकों की संपत्ति पर रोक लगाने, निर्यात नियंत्रण लागू करने सहित अन्य पाबंदियां लगाने को मंजूरी देने का फैसला किया। ये प्रतिबंध रूस के ‘‘एयरोस्पेस उद्योग, उसके अंतरिक्ष कार्यक्रम’’ को प्रभावित करेंगे।
सरकारी समाचार एजेंसी ‘तास’ ने रूसी अंतरिक्ष एजेंसी रोस्कोस्मोस के महानिदेशक दिमित्री रोगोजिन के हवाले से कहा, ‘‘प्रतिबंधों के कारण परियोजना में अमेरिका की भागीदारी असंभव है।’’ रोगोजिन ने कहा कि रूस अकेले या चीन की भागीदारी से इस मिशन को अंजाम देगा।
रूसी अंतरिक्ष एजेंसी के प्रमुख ने कहा कि उन्होंने सभी अंतरिक्ष अनुसंधान मिशनों के लिए आपसी तकनीकी सहायता पर बीजिंग के साथ बातचीत शुरू करने के निर्देश शुक्रवार को दिये थे।
रूस ने शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अपनी वीटो शक्ति का इस्तेमाल अमेरिका और अन्य पश्चिमी देशों द्वारा प्रस्तावित एक प्रस्ताव को अवरुद्ध करने के लिए किया, जिसमें यूक्रेन में रूस के सैन्य अभियान की निंदा की गई थी। भारत, चीन और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) प्रस्ताव को लेकर हुए मतदान में शामिल नहीं हुए थे।
रूस के यूक्रेन के खिलाफ सैन्य हमले के बाद यूरोपीय संघ के प्रतिबंधों के जवाब में रोस्कोस्मोस ने कौरो में गुयाना अंतरिक्ष केन्द्र से अंतरिक्ष प्रक्षेपण पर यूरोपीय भागीदारों के साथ अपने सहयोग को निलंबित कर दिया है और फ्रेंच गुयाना से अपने तकनीकी कर्मियों को वापस बुला लिया है।
समाचार एजेंसी ‘तास’ की खबर के अनुसार वर्तमान में कौरो कॉस्मोड्रोम में 87 रूसी नागरिक हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)