विदेश की खबरें | रूस ने यूक्रेन की राजधानी पर फिर दागीं मिसाइलें, कम से कम तीन लोगों की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. रूस ने मई में कीव पर कुल 17 बार हमले किए थे। इनमें से ज्यादातर हमलों में ड्रोन विमानों का इस्तेमाल किया गया था। बृहस्पतिवार को मॉस्को ने यूक्रेनी राजधानी को जमीन से दागी गई मिसाइलों से निशाना बनाया, जिससे कई आवासीय इमारतें, एक क्लीनिक, पानी की एक पाइपलाइन और कई वाहन नष्ट हो गए।
रूस ने मई में कीव पर कुल 17 बार हमले किए थे। इनमें से ज्यादातर हमलों में ड्रोन विमानों का इस्तेमाल किया गया था। बृहस्पतिवार को मॉस्को ने यूक्रेनी राजधानी को जमीन से दागी गई मिसाइलों से निशाना बनाया, जिससे कई आवासीय इमारतें, एक क्लीनिक, पानी की एक पाइपलाइन और कई वाहन नष्ट हो गए।
अधिकारियों ने पहले कहा था कि रूस के ताजा हमले में कम से कम तीन लोग मारे गए हैं, जिनमें दो बच्चे शामिल हैं। हालांकि, बाद में उन्होंने बताया कि इन हमलों में एक बच्चे सहित तीन लोगों की जान गई है, जबकि 10 लोग घायल हुए हैं।
यूक्रेन के सुरक्षा बलों ने कहा कि वायु रक्षा प्रणाली ने रूस की ओर से दागी गई सभी 10 मिसाइलों को नष्ट कर दिया, लेकिन एक मिसाइल का मलबा एक आवासीय इमारत पर जा गिरा, जिससे उसमें आग लग गई और वहां रह रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई।
सुरक्षा बलों ने बताया कि मॉस्को ने ताजा हमलों के लिए छोटी दूरी की इस्कंदर और बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया।
इस बीच, कीव के मेयर ने कहा कि यूक्रेन एक जून को अंतरराष्ट्रीय बाल दिवस के रूप में मनाता है, लेकिन रूसी हमले के मद्देनजर राजधानी में इस उपलक्ष्य में बृहस्पतिवार को आयोजित किए जाने वाले सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।
वहीं, प्रशासन ने लोगों से शिविरों या अन्य सुरक्षित ठिकानों के अंदर रहने का अनुरोध किया है। उसने इस हफ्ते की शुरुआत में बालकनी में खड़ी एक महिला के रूसी हमले की चपेट में आकर जान गंवाने के बाद यह कदम उठाया है।
बृहस्पतिवार को देसनियांस्की जिले में दागी गई रूसी मिसाइलों का मलबा बच्चों के एक अस्पताल और पास की एक बहुमंजिला इमारत पर गिरा। इस मलबे से दो स्कूलों और पुलिस विभाग के एक कार्यालय को भी नुकसान पहुंचने की खबर है।
वहीं, निप्रोविस्की में मिसाइल का जलता मलबा एक आवासीय इमारत से जा टकराया, जिससे उसमें आग लग गई, खिड़कियों के शीशे चटक गए, सड़कों में गड्ढे हो गए और पार्किंग क्षेत्र में खड़ी की गई गाड़ियां जल उठीं।
इसी तरह, दार्नित्स्की में पानी की एक पाइपलाइन और एक आवासीय इमारत मिसाइल के मलबे की चपेट में आकर नष्ट हो गईं।
यूक्रेन की हवाई रक्षा प्रणाली रूसी ड्रोन और मिसाइलों के हमलों को नाकाम करने में अधिक प्रभावी साबित हो रही है, लेकिन कुछ मामलों में मलबे से इमारतों में आग लगने और वहां रह रहे लोगों के घायल होने की खबरें भी सामने आई हैं।
प्रारंभिक खबरों में कहा गया था कि बृहस्पतिवार को कीव की हवाई रक्षा प्रणाली रूस द्वारा दागे गए सभी हथियारों को नष्ट करने में कामयाब रही, लेकिन इमारतों में उनका (रूसी हथियारों का) मलबा गिरने से कम से कम तीन लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)