जरुरी जानकारी | रुपया 15 पैसे की तेजी के साथ 82.10 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अपनी प्रमुख प्रतिद्वंद्धी मुद्राओं की तुलना में डॉलर के कमजोर होने तथा विदेशी संस्थागत निवेशकों का निवेश बढ़ने के साथ-साथ बेहतर वृहद आर्थिक आंकड़ों के कारण बुधवार को अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 15 पैसे की तेजी के साथ 82.10 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर पहुंच गया।
मुंबई, 14 जून अपनी प्रमुख प्रतिद्वंद्धी मुद्राओं की तुलना में डॉलर के कमजोर होने तथा विदेशी संस्थागत निवेशकों का निवेश बढ़ने के साथ-साथ बेहतर वृहद आर्थिक आंकड़ों के कारण बुधवार को अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 15 पैसे की तेजी के साथ 82.10 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर पहुंच गया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 82.28 प्रति डॉलर पर खुला और घरेलू शेयर बाजार में तेजी के बीच कारोबार के अंत में अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले 15 पैसे की मजबूती के साथ 82.10 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
दिन में कारोबार के दौरान रुपये ने 82.08 प्रति डॉलर के उच्चस्तर को छुआ और यह 82.32 प्रति डॉलर के निचले स्तर तक भी आया।
मंगलवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 82.25 प्रति डॉलर के भाव पर बंद हुआ था।
बीएनपी पारिबा बाय शेयरखान में शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘निगमित निवेश और सकारात्मक घरेलू शेयर बाजार के कारण भारतीय रुपया एक महीने के उच्चस्तर पर पहुंच गया।’’
चौधरी ने आगे कहा कि कमजोर अमेरिकी डॉलर ने भी रुपये का समर्थन किया, जबकि कच्चे तेल की कीमतों में आए कुछ सुधार ने तेज लाभ को सीमित कर दिया। अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा दर वृद्धि में ठहराव की बढ़ती उम्मीदों के कारण अमेरिकी डॉलर में गिरावट आई।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को आंकने वाला डॉलर सूचकांक 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 103.15 रह गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 1.09 प्रतिशत बढ़कर 75.10 डॉलर प्रति बैरल हो गया।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 85.35 अंक की तेजी के साथ 63,228.51 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने सोमवार को 1,677.60 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)