विदेश की खबरें | गोल्डन ग्लोब में ‘आरआरआर’ को सर्वश्रेष्ठ मूल गीत का पुरस्कार, ‘पिक्चर नॉन इंग्लिश’ श्रेणी में चूकी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. फिल्मकार एस. एस. राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ ने पहली बार 2023 गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स में अपने लोकप्रिय गीत ‘नाटु नाटु’ के लिए सर्वश्रेष्ठ ‘ओरिजिनल सॉन्ग-मोशन पिक्चर’ श्रेणी का पुरस्कार अपने नाम कर लिया है। हालांकि सर्वश्रेष्ठ ‘पिक्चर नॉन इंग्लिश’ श्रेणी में उसे अर्जेंटीना की फिल्म ‘अर्जेंटीना 1985’ ने मात दी।

श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

लॉस एंजिलिस (अमेरिका), 11 जनवरी फिल्मकार एस. एस. राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ ने पहली बार 2023 गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स में अपने लोकप्रिय गीत ‘नाटु नाटु’ के लिए सर्वश्रेष्ठ ‘ओरिजिनल सॉन्ग-मोशन पिक्चर’ श्रेणी का पुरस्कार अपने नाम कर लिया है। हालांकि सर्वश्रेष्ठ ‘पिक्चर नॉन इंग्लिश’ श्रेणी में उसे अर्जेंटीना की फिल्म ‘अर्जेंटीना 1985’ ने मात दी।

इस श्रेणी में ‘नाटु नाटु’ ने टेलर स्विफ्ट के गीत ‘कैरोलिना’, ग्रेगोरी मान के ‘चाओ पापा’, लेडी गागा के ‘होल्ड माय हैंड’, फिल्म ‘ब्लैक पैंथर:वकांडा फॉरएवर’ के गीत ‘लिफ्ट मी अप’ को मात दी।

‘हॉलीवुड फॉरेन प्रेस एसोसिएशन’ द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित पुरस्कार समारोह हॉलीवुड में पुरस्कार के मौसम की शुरुआत की तरह है, जिसका समापन ऑस्कर के साथ होता है।

कैलिफोर्निया के बेवर्ली हिल्स स्थित बेवर्ली हिल्टन में मंगलवार को 80वें गोल्डन ग्लोब पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया।

फिल्म ‘आरआरआर’ को सर्वश्रेष्ठ ‘पिक्चर नॉन इंग्लिश’ श्रेणी में भी जीत की उम्मीद थी, हालांकि उसे अर्जेंटीना की फिल्म ‘अर्जेंटीना 1985’ ने मात दे दी।

इस श्रेणी में कोरियाई रोमांटिक थ्रिलर फिल्म ‘डिसीज़न टू लीव’, जर्मनी की फिल्म ‘ऑल क्वाइट ऑन द वेस्टर्न फ्रंट’ और फ्रेंच-डच फिल्म ‘क्लोज़’ भी नामित थी।

तेलुगु गीत ‘नाटु नाटु’ के संगीतकार एम. एम. कीरावानी हैं और इसे काल भैरव और राहुल सिप्लिगुंज ने स्वर दिया है। ‘नाटु नाटु’ का मतलब ‘नाचना’ है।

गीत ‘नाटु नाटु’ ने 14 अन्य गीत के साथ सर्वश्रेष्ठ मूल (ओरिजनल) गीत की श्रेणी में 95वें अकादमी पुरस्कार की ‘शॉर्टलिस्ट’ में भी जगह बनाई है। अंतिम नामांकन की घोषणा 24 जनवरी को की जाएगी।

कीरावानी ने पुरस्कार स्वीकार करते हुए राजामौली का शुक्रिया अदा किया।

उन्होंने कहा, ‘‘पुरस्कार स्वीकार करते हुए इसका हकदार किसी और को बताना एक पुराना चलन रहा है। मैंने सोचा था कि मुझे जब पुरस्कार मिलेगा तो मैं ऐसा नहीं करूंगा लेकिन माफी चाहता हूं कि मैं वही चलन दोहराने जा रहा हूं क्योंकि मैं सच में ऐसा मानता हूं।’’

कीरावनी ने कहा, ‘‘यह पुरस्कार मेरे भाई और फिल्म के निर्देशक एस. एस. राजामौली के नजरिए को समर्पित है। मेरे काम पर निरंतर भरोसा करने और सहयोग के लिए मैं आपका शुक्रिया अदा करता हूं।’’

संगीतकार ने कोरियोग्राफर प्रेम रक्षित, गीतकार चंद्रबोस और गायक सिप्लिगुंज और भैरव को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने अभिनेता एन. टी. रामाराव जूनियर और राम चरण का गाने में पूरे जोश के साथ नाचने के लिए उनका भी शुक्रिया अदा किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फिल्म फिल्म से जुड़े तमाम कलाकारों को बुधवार को बधाई दी और कहा कि इस प्रतिष्ठित सम्मान ने हर भारतीय को गौरवान्वित किया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘यह एक बहुत ही खास उपलब्धि है। एम. एम. कीरावानी, प्रेम रक्षित, काल भैरव, चंद्र बोस, राहुल सिप्लिगुंज को बधाइयां। मैं एस. एस. राजामौली, जूनियर एनटीआर, राम चरण और आरआरआर की पूरी टीम को भी बधाइयां देता हूं। इस प्रतिष्ठित सम्मान ने हर भारतीय को बहुत गौरवान्वित किया है।’’

वहीं निर्देशक एस. एस. राजामौली ने कहा कि वह ‘‘नि:शब्द’’ हैं। समारोह समाप्त होने के कुछ घंटों बाद राजामौली ने ट्विटर पर एक संक्षिप्त पत्र साझा किया, जिसमें उन्हें संगीत की विभिन्न संस्कृतियों से जुड़ने की असीम क्षमताओं का उल्लेख किया। फिल्मकार ने लिखा, ‘‘ नि:शब्द । संगीत की सचमुच कोई सीमा नहीं होती।’’

राजामौली ने कीरावानी को धन्यवाद दिया, जो उनके रिश्ते के भाई भी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ ‘नाटु नाटु’ गीत देने के लिए आपका शुक्रिया। यह बेहद खास है। ’’

राजामौली ने प्रशंसकों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा, ‘‘ मैं दुनिया में हर जगह इस गीत पर थिरकने और इसे लोकप्रिय बनाने वाले हर एक शख्स का शुक्रिया अदा करता हूं।’’

इससे पहले, फिल्म ‘आरआरआर’ के कलाकार राम चरण, जूनियर एनटीआर और निर्देशक एस.एस. राजामौली ने 2023 गोल्डन ग्लोब्स के ‘रेड कार्पेट’ पर शानदार एंट्री की थी। राम चरण और राजामौली काले रंग की भारतीय पोशाक, जबकि जूनियर एनटीआर एक काले रंग का ‘टक्सीडो’ (सूट) पहने नजर आए।

राम चरण ने ‘रेड कार्पेट’ पर कहा था कि गोल्डन ग्लोब्स में दो श्रेणियों में नामांकन मिलना एक ख्वाब जैसा है।

उन्होंने ‘द हॉलीवुड रिपोर्टर’ से कहा, ‘‘ मेरे पास पूरी टीम की मेहनत को बयां करने के लिए शब्द नहीं है। दक्षिण भारत से फिल्म के इस मक्का तक पहुंचना और सराहना मिलना....यह सब आपको और बेहतर फिल्में करने के लिए प्रेरित करता है।’’

राम चरण ने कहा कि वह भविष्य में हॉलीवुड के बेहतरीन निर्देशकों के साथ भी काम करना चाहेंगे।

जूनियर एनटीआर ने कहा कि ‘आरआरआर’ के इतने सफल होने की उम्मीद उन्होंने नहीं की थी। उन्होंने पत्रिका ‘वैराएटी’ से कहा, ‘‘राजमौली की अभी तक की फिल्मों को देखते हुए हमें यकीनन लगा था कि हमारे पास एक विजेता है, लेकिन यह उससे कहीं अधिक है। जापान और आज अमेरिका..., इसकी उम्मीद नहीं की थी।’’

फिल्म को ‘क्रिटिक्स चॉइस अवार्ड्स’ में सर्वश्रेष्ठ फिल्म, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, विदेशी की सर्वश्रेष्ठ फिल्म, सर्वश्रेष्ठ गीत (नाटु नाटु) और सर्वश्रेष्ठ विजुअल इफेक्ट सहित पांच श्रेणी में नामित किया गया था। फिल्म को पिछले सप्ताह बाफ्टा की ‘नॉट इन इंग्लिश लैंग्वेज़’ श्रेणी की ‘लॉन्ग लिस्ट’ में भी शामिल किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

New Zealand Women vs South Africa Women 4th T20I Match Live Streaming In India: न्यूजीलैंड महिला बनाम दक्षिण अफ्रीका महिला के बीच आज खेला जाएगा चौथा टी20 मुकाबला, यहां जानें भारत में कब, कहां और कैसे देखें लाइव मैच

West Indies Women vs Australia Women, 2nd T20I Match Live Score Update: किंग्सटाउन में वेस्टइंडीज महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला के बीच खेला जा रहा हैं दूसरा टी20 मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

West Indies Women vs Australia Women, 2nd T20I Match T20I Live Streaming In India: वेस्टइंडीज महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला के बीच आज खेला जाएगा पहला टी20, यहां जानें भारत में कब, कहां और कैसे उठाएं लाइव मैच का लुफ्त

West Indies Women vs Australia Women, 2nd T20I Match Pitch Report And Weather Update: किंग्सटाउन में वेस्टइंडीज महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला मुकाबले में मौसम बनेगा अहम फैक्टर या फैंस उठाएंगे पूरे मैच का लुफ्त? यहां जानें मौसम का हाल

\