देश की खबरें | कोटा में सेवानिवृत्त न्यायिक अधिकारी रेल पटरी पर मृत मिले, आत्महत्या का संदेह
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई रेल पटरी पर रविवार को सुबह 65 वर्षीय सेवानिवृत्त न्यायिक अधिकारी का क्षत विक्षत शव मिला। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है।
कोटा (राजस्थान), पांच जुलाई राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई रेल पटरी पर रविवार को सुबह 65 वर्षीय सेवानिवृत्त न्यायिक अधिकारी का क्षत विक्षत शव मिला। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी हर्षराज सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि वीरेंद्र सिंह पाठक (65) का शव कोटा शहर के भीमगंजमंडी पुलिस थानाक्षेत्र के तहत आने वाले माल फाटक क्षेत्र के पास मिला। वहीं उनकी कार रेल पटरी से करीब 100 मीटर दूर खड़ी मिली।
पुलिस ने इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का एक मामला बताया और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवार वालों को सौंप दिया। हालांकि मृत सेवानिवृत्त न्यायिक अधिकारी के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस के अनुसार, पाठक शहर की सरस्वती कालोनी के रहने वाले थे और वह अतिरिक्त जिला न्यायाधीश के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।
यह भी पढ़े | गुजरात के कच्छ जिले में 4.2 तीव्रता का आया भूकंप.
उन्होंने कहा कि अधिकारी की कार पटरी से करीब 100 मीटर दूर बंद मिली।
उन्होंने बताया कि न्यायिक अधिकारी रविवार तड़के सुबह की सैर के लिए अपनी कार में घर से निकले थे।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार को सुबह करीब साढ़े चार बजे एक रेल इंजन पटरी से गुजरा था और वीरेंद्र सिंह पाठक संभवत: आत्महत्या करने के लिए उसके सामने कूद गए थे।
उन्होंने कहा कि पुलिस एक मामला दर्ज करके जांच कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)