श्रीनगर, 22 अगस्त लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करना कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (‘इंडिया’) की प्राथमिकता है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने यह भी कहा कि यह उनकी पार्टी का लक्ष्य है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोगों को उनके लोकतांत्रिक अधिकार वापस मिलें।
उन्होंने यहां पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी और ‘इंडिया’ गठबंधन की प्राथमिकता है कि जम्मू-कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा जल्द से जल्द बहाल किया जाए। हमें उम्मीद थी कि चुनाव से पहले ऐसा कर दिया जाएगा, लेकिन ठीक है, चुनाव की घोषणा हो चुकी है। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह आगे का कदम है और हम उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द से जल्द पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल किया जाएगा और जम्मू-कश्मीर के लोगों के लोकतांत्रिक अधिकार बहाल किए जाएंगे।’’
कांग्रेस नेता ने कहा कि उनका जम्मू-कश्मीर के लोगों के साथ ‘बहुत गहरा रिश्ता’ है और यहां आना उनके लिए हमेशा प्रसन्नता का विषय होता है।
उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस हमेशा उनकी हर संभव मदद के लिए तैयार है।
गांधी ने कहा, ‘‘जम्मू-कश्मीर के लोगों को मेरा संदेश है कि हम जिस भी तरह से आपकी मदद कर सकते हैं, उसके लिए कांग्रेस पार्टी हमेशा आपके साथ है। हम समझते हैं कि आप बहुत कठिन दौर से गुज़र रहे हैं। हम हिंसा को ख़त्म करना चाहते हैं।’’
यहां समाप्त हुई अपनी ‘भारत यात्रा’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘ हम सम्मान एंव भाईचारे के साथ नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलना चाहते हैं।’’
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद यह पहली बार है कि कोई राज्य केंद्र शासित प्रदेश बन गया है।
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘ऐसा पहले कभी नहीं हुआ है। केंद्र शासित प्रदेश राज्य बन गए, लेकिन यह पहली बार है कि कोई राज्य केंद्र शासित प्रदेश बन गया है। इसलिए, हमने अपने (लोकसभा चुनाव के) घोषणापत्र में भी स्पष्ट किया था कि यह हमारी प्राथमिकता है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोगों को उनके लोकतांत्रिक अधिकार वापस मिलें।’’
इससे पहले पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा कि कश्मीर के साथ उनका पुराना रिश्ता और खून का रिश्ता है।
यहां देर रात भोजन करने और आइसक्रीम का लुत्फ उठाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जब कोई उनसे पूछता है कि क्या उन्हें जम्मू-कश्मीर के लोग पसंद हैं तो उन्हें चिढ़ होती है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम रात्रि भोज के लिए रेस्तरां गए। वे वाज़वान लेकर आए। खरगे जी को उनके डॉक्टरों ने मांसाहारी भोजन न खाने की सलाह दी है, इसलिए वे वाज़वान का स्वाद नहीं ले पाए। फिर मैं आइसक्रीम खाने के लिए बाहर चला गया।’
उन्होंने कहा, ‘‘वहां मेरी मुलाक़ात कुछ लोगों से हुई जिन्होंने मुझसे पूछा कि क्या मुझे जम्मू-कश्मीर के लोग पसंद हैं। इससे मैं चिढ़ गया और मैंने उनसे कहा कि नहीं, मुझे जम्मू-कश्मीर के लोग पसंद नहीं हैं, मैं उनसे प्यार करता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं, खरगे जी और कांग्रेस पार्टी उस पीड़ा को दूर करना चाहते हैं जिससे आप गुजर रहे हैं।’’
कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी पार्टी और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन ने लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अभिमान को ‘चूर-चूर’ कर दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी और ‘इंडिया’ गठबंधन की विचारधारा ने उन्हें हरा दिया। हमने हिंसा या गाली-गलौज का सहारा नहीं लिया, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी को यह संदेश देने में सफल रहे कि वह, वो नहीं हैं जो वह खुद को समझते हैं। हमने उनके अभिमान को 'चूर-चूर' कर दिया है।’’
उन्होंने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से यह भी कहा कि भले ही कांग्रेस जम्मू-कश्मीर में गठबंधन करती हो, लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के हितों से समझौता नहीं किया जाएगा।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जम्मू-कश्मीर के दौरे पर हैं।
राहुल गांधी ने छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की, जिन्होंने देशभर में कश्मीरी छात्रों की ‘सुरक्षा’ सुनिश्चित करने में उनका समर्थन मांगा।
जम्मू-कश्मीर छात्र संघ ने एक बयान में कहा कि गांधी के साथ बातचीत में जम्मू-कश्मीर से संबंधित छात्र-केंद्रित मुद्दों पर चर्चा हुई।
गांधी ने प्रतिनिधिमंडल को अपना पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया और कहा कि वे संसद में उनकी चिंताओं को उठाएंगे।
प्रतिनिधिमंडल गांधी से यहां होटल में मिला।
जम्मू-कश्मीर की 90 विधानसभा सीट पर तीन चरण... 18 सितंबर, 25 सितंबर और एक अक्टूबर को चुनाव कराए जाएंगे। चार जून को मतगणना होगी। साल 2019 में अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को समाप्त किए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर में पहली बार विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY