ताजा खबरें | सिर्फ जनंसख्या के आधार पर नहीं हो परिसीमन, सभी राज्यों का समुचित प्रतिनिधित्व मिले: द्रमुक सांसद

नयी दिल्ली, 12 मार्च द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के सांसद एम काथिर आनंद ने बुधवार को लोकसभा में परिसीमन से जुड़ा मुद्दा उठाया और केंद्र सरकार से आग्रह किया कि सिर्फ जनसंख्या के आधार पर यह नहीं होना चाहिए तथा तमिलनाडु जैसे प्रगतिशील राज्यों की भावना का सम्मान किया जाना चाहिए।

उन्होंने सदन में शून्यकाल के दौरान यह विषय उठाया।

आनंद ने कहा कि यदि परिसीमन जनसंख्या के आधार पर हुआ तो तमिलनाडु जैसे राज्यों को सीटों का नुकसान होगा जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण किया है, लेकिन सफलतापूर्वक परिवार नियोजन नहीं करने वाले उत्तर प्रदेश तथा बिहार जैसे राज्यों को सीटों के संदर्भ में फायदा होगा।

उनका कहना था, ‘‘यदि इसी तरह परिसीमन हुआ तो प्रगतिशील राज्यों को दंड भुगतना होगा और परिवार नियोजन को नहीं अपनाने वाले राज्य पुरस्कृत होंगे।’’

द्रमुक नेता ने कहा, ‘‘मेरा आग्रह है कि परिसीमन में राज्यों की जीएसडीपी, अवसंचरना और अन्य उपलब्धियों को आधार बनाना चाहिए, सिर्फ जनसंख्या आधार नहीं होना चाहिए।’’

आनंद ने कहा, ‘‘केंद्र सरकार को लोगों का सम्मान करना चाहिए। सभी राज्यों का समुचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना चाहिए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)