देश की खबरें | रेखा गुप्ता रामलीला मैदान में दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में आज शपथ लेंगी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली की भावी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके मंत्रिपरिषद के सदस्य आज यानी बृहस्पतिवार दोपहर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में रामलीला मैदान में शपथ लेंगे।

नयी दिल्ली, 20 फरवरी दिल्ली की भावी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके मंत्रिपरिषद के सदस्य आज यानी बृहस्पतिवार दोपहर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में रामलीला मैदान में शपथ लेंगे।

इसके साथ ही दिल्ली में 26 साल बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सत्ता में वापसी होगी।

भाजपा विधायक दल की बैठक में बुधवार को 50 वर्षीय रेखा गुप्ता को आठवीं दिल्ली विधानसभा में सदन का नेता चुना गया।

दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने बुधवार देर शाम राज निवास में रेखा गुप्ता द्वारा सरकार बनाने का दावा पेश किए जाने के बाद उन्हें नयी सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। उपराज्यपाल के शपथ दिलाने के बाद रेखा गुप्ता दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री बन जाएंगी।

एक सरकारी अधिसूचना के अनुसार, रेखा गुप्ता के अलावा छह नवनिर्वाचित विधायक - प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, पंकज सिंह, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा और रविंद्र इंद्राज नए मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। वर्मा ने विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को नयी दिल्ली सीट से हराया था।

पार्टी सूत्रों ने दावा किया कि रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की पहली बैठक दिल्ली सचिवालय में अपराह्न करीब तीन बजे होने की संभावना है और इस बैठक में महिला समृद्धि योजना और आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना को लागू किया जा सकता है। महिला समृद्धि योजना के तहत पात्र महिलाओं को 2,500 रुपये मासिक भुगतान किया जाएगा।

भाजपा ने पांच फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव में 70 में से 48 सीट जीतकर दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली ‘आप’ के एक दशक लंबे शासन को समाप्त कर दिया। भाजपा ने आखिरी बार 1993-98 में दिल्ली में सत्ता हासिल की थी।

पार्टी नेताओं ने बताया कि पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से घनिष्ठ संबंध हैं।

रेखा हाल में संपन्न दिल्ली विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग से विधायक निर्वाचित हुई हैं।

वह मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद दिल्ली में भाजपा की चौथी मुख्यमंत्री होंगी। शपथ ग्रहण के बाद, वह वर्तमान में भाजपा शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री होंगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\