जींद, 19 फरवरी हरियाणा के जींद जिले से संबंध रखने वालीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक रेखा गुप्ता को दिल्ली का मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद उनके गांव में जश्न का माहौल है।
रेखा गुप्ता को बुधवार को नयी दिल्ली में भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। वह शालीमार गार्डन से विधायक हैं।
जींद के जुलाना क्षेत्र का नंदगढ़ गांव रेखा गुप्ता का पुश्तैनी गांव है। अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजकुमार गोयल ने रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री चुने जाने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे अग्रवाल समाज और जींद के लिए गर्व का क्षण है।
गोयल ने कहा कि रेखा गुप्ता ने यह सिद्ध कर दिया है कि परिश्रम, संकल्प और समाज सेवा की भावना से कोई भी ऊंचाइयों को छू सकता है।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली विकास की नयी ऊंचाइयों को छुएगी और उनकी सरकार जनता में काम करेगी।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर अग्रवाल समाज के पदाधिकारीयों रामधन जैन, सावर गर्ग, पवन बंसल, सोनू जैन, मनीष गर्ग ने भी खुशी जताई।
मनीष गर्ग ने कहा, “यह हमारे लिए बहुत गर्व की बात है कि जींद से संबंध रखने वाली गुप्ता दिल्ली की मुख्यमंत्री चुनी गई हैं। हमें उम्मीद है कि उनकी सरकार दिल्ली की जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी। ”
रेखा के पिता जयभगवान के बैंक प्रबंधक बनने के बाद दिल्ली जाने पर परिवार दिल्ली चला गया था, लिहाजा रेखा की स्कूली पढ़ाई से लेकर स्नातक और एलएलबी की पढ़ाई दिल्ली में ही हुई है।
उन्होंने हाल ही में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की वंदना कुमारी को हराया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY