देश की खबरें | राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल होना सत्य की जीत : गहलोत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल होने का स्वागत करते हुए सोमवार को इसे सत्य की जीत बताया।
जयपुर, सात अगस्त राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल होने का स्वागत करते हुए सोमवार को इसे सत्य की जीत बताया।
गहलोत ने ट्वीट किया, “राहुल गांधी की संसद सदस्यता बहाल होना सत्य की जीत है। राहुल गांधी के संघर्ष और जनता के अपार समर्थन ने एक हठी सरकार को झुकने पर मजबूर कर दिया।”
उन्होंने लिखा, “राहुल गांधी जी के माध्यम से संसद में जनता की आवाज फिर से गूंजेगी और आमजन के हित की बात उठाएगी।”
वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राहुल की लोकसभा सदस्यता बहाल किए जाने के घटनाक्रम को लोकतंत्र की जीत करार दिया।
डोटासरा ने लोकसभा सचिवालय की इससे संबंधित अधिसूचना की फोटो साझा करते हुए लिखा, “यह भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था का दमन करने वालों के मुंह पर संविधान और कानून का करारा तमाचा है। यह लोकतंत्र की जीत है, पूरे भारत की जीत है। लोकतंत्र के मंदिर में जनता के मुद्दे फिर गूंजेंगे। सत्य और न्याय की लड़ाई को बल मिलेगा। पग-पग पर भाजपाई षड्यंत्र का पर्दाफाश हो रहा है।”
पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने ट्वीट किया, “सत्य की जीत हुई... संसद में फिर जनता की आवाज बुलंद होगी। राहुल गांधी की संसद की सदस्यता बहाल होने से लोकतंत्र को बचाने और जनता के मुद्दों को उठाने के लिए किए जा रहे संघर्ष को नया बल मिलेगा।”
उन्होंने लिखा, “विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ को सशक्त बनाने की दिशा में सब मिलकर आगे बढ़ेंगे और एक उज्ज्वल भविष्य की नींव रखेंगे।”
उच्चतम न्यायालय द्वारा ‘मोदी उपनाम’ को लेकर की गई टिप्पणी के संबंध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की दोषसिद्धि पर रोक लगाए जाने के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष की लोकसभा सदस्यता सोमवार को बहाल कर दी गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)