जरुरी जानकारी | आरबीआई ने इकाइयों को ब्रिकवर्क से रेटिंग लेने से मना किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने बुधवार को उसके दायरे में आने वाली इकाइयों को ब्रिकवर्क रेटिंग्स इंडिया से नई रेटिंग लेने से मना किया। सेबी के ब्रिकवर्क को अपना परिचालन समेटने के निर्देश के बाद आरबीआई ने यह कहा है।

मुंबई, 12 अक्टूबर भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने बुधवार को उसके दायरे में आने वाली इकाइयों को ब्रिकवर्क रेटिंग्स इंडिया से नई रेटिंग लेने से मना किया। सेबी के ब्रिकवर्क को अपना परिचालन समेटने के निर्देश के बाद आरबीआई ने यह कहा है।

पूंजी बाजार नियामक सेबी ने छह अक्टूबर को ब्रिकवर्क रेटिंग्स इंडिया के लाइसेंस को रद्द कर दिया। साख निर्धारित करने वाली एजेंसी से आदेश की तिथि से छह महीने के भीतर परिचालन बंद करने को कहा गया है।

आरबीआई ने भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के रेटिंग एजेंसी का पंजीकरण प्रमाणपत्र रद्द करने का हवाला देते हुए अपने दायरे में आने वाली इकाइयों/बाजार प्रतिभागियों को ब्रिकवर्क से नया कोई रेटिंग नहीं लेने को कहा है। इकाइयों से उक्त रेटिंग एजेंसी की सेवा तत्काल बंद करने को कहा गया है।

केंद्रीय बैंक के दायरे में आने वाली इकाइयों में बैंक, गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियां, क्रेडिट इनफॉर्मेशन ब्यूरो, आवास वित्त कंपनियां समेत अन्य शामिल हैं।

आरबीआई ने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘रेटिंग एजेंसी की तरफ से जारी मौजूदा साख की स्थिति को लेकर निर्देश अलग से जारी किये जाएंगे।’’

उल्लेखनीय है कि सेबी ने छह अक्टूबर को ब्रिकवर्क की तरफ से कई नियमों के उल्लंघन का जिक्र किया था। इसमें उपयुक्त रेटिंग प्रक्रिया का अनुपात और रेटिंग देने से पहले जांच-पड़ताल करने में विफल रहना शामिल हैं।

बाजार नियामक ने कंपनी को नये ग्राहक जोड़ने से प्रतिबंधित कर दिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now