देश की खबरें | राजस्थान: स्कूल शिक्षिका पर छठी कक्षा की नाबालिग छात्रा को धर्म परिवर्तन के लिये बरगलाने का आरोप
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के सीकर जिले में एक व्यक्ति ने एक स्कूल की शिक्षिका पर छठी कक्षा में पढ़ने वाली उनकी पोती को धर्म परिवर्तन के लिए बरगलाने का आरोप लगाया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
जयपुर, 24 जुलाई राजस्थान के सीकर जिले में एक व्यक्ति ने एक स्कूल की शिक्षिका पर छठी कक्षा में पढ़ने वाली उनकी पोती को धर्म परिवर्तन के लिए बरगलाने का आरोप लगाया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि स्थानीय निवासी भंवर सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराई और आरोप लगाया कि नीम का थाना स्थित ‘सेंट जेवियर्स सेकेंडरी स्कूल’ की शिक्षिका छठी कक्षा में पढ़ने वाली उनकी पोती का धर्म परिवर्तन के लिए बरगला रही थी।
पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जब छात्रा ने इसका विरोध किया तो शिक्षिका ने उसकी पिटाई की।
पुलिस ने बतया कि घटना के संबंध में बुधवार शाम नीम का थाना कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई।
हलांकि स्कूल निदेशक ने आरोपों का खंडन किया है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि शिक्षिका ने हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की और जब लडकी ने विरोध किया तो मंगलवार को उसकी पिटाई की गई।
स्कूल निदेशक ने संवाददाताओं को बताया कि आरोप निराधार हैं और शिक्षिका ने लड़की को उसका होमवर्क जांचने के लिए बुलाया था।
स्कूल निदेशक ने बताया, “लडकी स्कूल में कॉपी नहीं लाई थी, इसलिए शिक्षिका ने उससे इस बारे में पूछा। छात्रा ने अपनी मां को फोन कर इस बारे में बताया और उन्होंने सुझाव दिया कि शिक्षिका उसे अनुशासन में लाने के लिए दंडित करे। फिर शिक्षिका ने बच्ची के हाथ पर डंडे से मारा।”
उन्होंने बताया, “जब उसकी मां स्कूल आई, तो शिक्षिका ने उससे छात्रा के प्रदर्शन के बारे में बात की। रात में उसके पिता ने मुझे फोन किया और शिक्षिका पर धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करने का बेबुनियाद आरोप लगाया।”
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के राष्ट्रीय प्रवक्ता अमितोष पारीक ने इस मामले पर कहा कि आरोपी शिक्षक और स्कूल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
पारीक ने बताया, “लड़की को पीटा गया। उसके परिवार ने गंभीर चिंता जताई हैं और राज्य सरकार को तुरंत इस पर ध्यान देना चाहिए। धर्म परिवर्तन रोकने के लिए एक सख्त कानून भी बनाया जाना चाहिए।” पुलिस ने बतया कि मामले की जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)